केजरीवाल ने किया नए गठबंधन का ऐलान, गोवा विधानसभा चुनाव में करेंगे बड़ा खेल, बोले - कांग्रेस ने लोगों को धोखा दिया
गोवा में होने वाले आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने राजनीतिक घेराबंदी शुरू कर दी है। पार्टी ने गोवा फर्स्ट नाम से गठबंधन का ऐलान किया है। इस साल अप्रैल में राघव चड्ढा समेत सात सांसद आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे। वहीं अब अरविंद केजरीवाल ने इन सांसदों पर निशाना साधा है।
नई दिल्ली। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रेस को संबोधित करते हुए बताया कि गणेश चतुर्थी के सुअवसर पर गोवा के लोगों के लिए एक अच्छी खबर देने जा रहे हैं। कहा जाता है कि जो भी शुभ काम किया जाए, वो गणेश जी का नाम लेकर करना चाहिए तो गणेश चतुर्थी से अच्छा अवसर नहीं हो सकता था। आज हम गोवा में गोवा फॉरर्वड पार्टी और आम आदमी पार्टी के अलायंस की घोषणा कर रहे हैं। जिसका नाम है, गोवा फर्स्ट।
उन्होंने आगे कहा, 'यह अलायंस बनाने की जरूरत इसलिए पड़ी क्योंकि पिछले कई सालों से गोवा के लोग देख रहे हैं, उनके पास ऑप्शन नहीं है। या तो वो कांग्रेस को वोट देकर जिताते हैं, या फिर बीजेपी को वोट देकर जिताते हैं और दोनों पार्टी के बीच में एक गठबंधन चल रहा है। 2017 में बीजेपी से परेशान होकर लोगों ने कांग्रेस को वोट दिया। कांग्रेस ने अपने एमएलए भेजकर बीजेपी की सरकार बना दी।'
केजरीवाल ने कहा, '2022 में फिर से लोगों ने बीजेपी के खिलाफ वोट दिया लेकिन फिर से कांग्रेस ने बीजेपी को नंबर प्रॉवाइड्स किए और बीजेपी की सरकार बना दी। तो दो बार लोग धोखा खा चुके हैं, तो अब तीसरी बार लोग धोखा खाने के मूड में नहीं हैं। एक तरफ कांग्रेस, लोगों को धोखा दे रही है। लोग कांग्रेस को वोट देते हैं, बीजेपी से परेशान होकर, और कांग्रेस उसी बीजेपी को अपने एमएलए भेजकर उसकी सरकार बनवा देती है और दूसरी तरफ बीजेपी धोखा दे रही है।
उन्होंने कहा, 'चुनाव के वक्त कांग्रेस को खूब गालियां देते हैं, कांग्रेस वाले ऐसे हैं, वैसे हैं और फिर उन्हीं कांग्रेसी के साथ मिलकर सरकार बना लेती है। जो बीजेपी की सरकार है, उसमें आधे से ज्यादा कांग्रेस के लोग हैं तो यह दोनों पार्टियां एक दूसरे से मिलकर लोगों को धोखा दे रही हैं। अंदर प्यार है, मोहब्बत है, डील है, सेटिंग है, सबकुछ है, और गोवा के लोग दुखी हैं।'
गोवा फॉरवर्ड पार्टी गोवा की एक क्षेत्रीय राजनीतिक पार्टी है। इसका नेतृत्व विजय सरदेसाई के हाथ में हैं। जीएफपी ने 2017 में गोवा विधानसभा चुनाव में चार उम्मीदवार मैदान में उतारे थे, जिसमें से उन्होंने तीन सीटें जीती थीं। माना जाता है कि 2017 में बीजेपी की वापसी में इस पार्टी ने अहम भूमिका निभाई थी। इसकी स्थापना 25 जनवरी 2016 को हुई थी, इसका सिंबल नारियल है।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आप से बीजेपी में गए राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा समेत सभी सात सांसदों पर निशाना साधा है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आगे से किसी नेता को राज्यसभा भेजने से पहले उसकी विश्वसनियता को परखेंगे।
अरविंद केजरीवाल ने कहा, "जहां भी हमारे चुने हुए प्रतिनिधि हैं, उन्होंने कहीं भी किसी ने भी जनता को धोखा नहीं दिया। राज्यसभा के जो हमारे सांसदे हमें छोड़कर गए, उन्होंने पार्टी को धोखा दिया है । पार्टी ने उन्हें राज्यसभा भेजा था। लोगो ने नहीं भेजा। उन्होंने पार्टी को चीट किया लेकिन आप ने किसी को धोखा नहीं दिया।" उन्होंने कहा कि ये हमारे लिए सीख है कि आगे से राज्यसभा भेजने से पहले सौ बार ठोक बजाकर देखेंगे कि आदमी ठीक है या नहीं।