खंदौली पुलिस द्वारा यमुना एक्सप्रेस-वे इंटरचेंज पर एक क्विंटल अवैध मीट जब्त, चालक पकड़ा, दो फरार
आगरा। खंदौली थाना पुलिस ने आज तड़के यमुना एक्सप्रेस-वे इंटरचेंज पर ताबड़तोड़ कार्रवाई कर अवैध मीट से भरा टेम्पो पकड़ लिया। टेम्पो से लगभग एक क्विंटल मीट बरामद हुआ। मौके पर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर उसके दो साथी फरार हो गए।
पुलिस का कहना है कि खंदौली क्षेत्र में अवैध मीट तस्करी का नेटवर्क तेजी से सक्रिय हो रहा है, जिसे ध्वस्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि बरामद मीट के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। गिरफ्तार चालक खंदौली के व्यापारियान मोहल्ले का रहने वाला है।
फरार आरोपियों की पहचान की जा चुकी है और पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है। साथ ही आरोपियों पर पशु क्रूरता अधिनियम सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया गया है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और अवैध तस्करों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।