मोरपंख माला और रेशमी परिधान में सजे खाटू नरेश, सावन में शिव-श्याम भक्ति का अद्भुत संगम
आगरा। सावन के पावन महीने में जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में भक्ति, श्रृंगार और सेवा का दिव्य संगम देखने को मिल रहा है। गुरुवार को श्याम बाबा को मोरपंखों से बनी अलंकृत माला, मनोहारी मोर मुकुट और रेशमी परिधानों में सजाया गया। यह दिव्य मोरपंख श्रृंगार भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा।
श्रद्धालु जैसे ही मंदिर पहुंचे, खाटू नरेश की अलौकिक छवि देखकर उनके नेत्र श्रद्धा से नम हो उठे। मंदिर "जय श्री श्याम", "खाटू नरेश की जय" जैसे जयघोषों से गूंज उठा। श्री खाटू श्याम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि श्रावण मास में प्रतिदिन विशेष श्रृंगार सेवा अजय गर्ग (आवागढ़ वालों) और यश अग्रवाल के सौजन्य से कराई जा रही है। मोरपंखों से सजे मुकुट, रेशमी वस्त्र और आभूषणों से श्याम बाबा के दर्शन श्रद्धालुओं के लिए भक्ति और सौंदर्य का अनूठा अनुभव बने।
मंदिर समिति के संजय अग्रवाल ने बताया कि परिसर में स्थित शिवालय में प्रतिदिन रुद्राभिषेक हो रहा है। अब तक दर्जनों श्रद्धालु जोड़ों ने इसमें भाग लिया है। प्रारंभ में तय किए गए 108 रुद्राभिषेक के लक्ष्य को भक्तों की संख्या ने पार कर दिया है और यह संकल्प अब एक व्यापक भक्ति अनुष्ठान में परिवर्तित हो चुका है।
प्रत्येक दिन संध्या आरती के बाद होने वाली भजन संध्या में श्याम भक्त संकीर्तन कर भाव-विभोर हो उठते हैं। मधुर भजनों की स्वर लहरियां मंदिर परिसर को आध्यात्मिक ऊर्जा और दिव्यता से भर देती हैं।