पितरों की शांति के लिए आगरा के विद्युत शवदाहगृह में गूंजे खाटू श्याम के भजन

आगरा। पितृपक्ष में अपने पितरों का स्मरण कर उनकी आत्मशांति और मोक्ष की कामना के लिए ताजगंज स्थित विद्युत शवदाहगृह में श्री खाटू श्याम की भजन संध्या आयोजित की गई। श्याम भक्त मंडल, पथवारी और श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में हुई भजन संध्या में श्रद्धालु भक्ति में डूबे रहे। खाटू श्याम के भजनों पर पूरा परिसर जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालुओं ने अपने पितरों के प्रति श्रद्धा अर्पित की।

Oct 4, 2026 - 20:54
 0
पितरों की शांति के लिए आगरा के विद्युत शवदाहगृह में गूंजे खाटू श्याम के भजन
विद्युत शवदाह गृह में पितरों की आत्मशांति के लिए रविवार को हुई भजन संध्या में मौजूद क्षेत्र बजाजा के पदाधिकारी और श्याम भक्त। 

भजन संध्या में गायकों ने “आ रहा हूं बाबा, तुझ पे भरोसा है”, “श्याम तेरे भरोसे मेरा परिवार है”, “हे दुख भंजन मारुति नंदन, सुन लो मेरी पुकार” और “जिसकी नैया श्याम भरोसे, वो नैया डूब नहीं सकती” सहित विभिन्न भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों ने श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी भजन संध्या में भाग लिया।

श्रद्धालुओं ने खाटू श्याम से अपने पितरों की आत्मशांति की कामना की। भजन संध्या के दौरान श्रद्धालु भजनों पर भाव-विभोर नजर आए और परिसर लगातार खाटू नरेश के जयकारों से गूंजता रहा।

भजन संध्या के समापन के बाद श्री खाटू श्याम की आरती की गई। आरती में अध्यक्ष अनिल जिंदल, विशनू चौधरी, ताराचंद गोयल, संजीव गुप्ता, मनोज शर्मा, प्रशान्त गुप्ता, राकेश अग्रवाल, विकास अग्रवाल, विनोद गोयल, लब्बी भगत, भोला वर्मा, त्रिलोकी, बंशी, कृष्णा ठाकुर, प्रमोद गुप्ता, मुकेश अग्रवाल, विपिन जिंदल और नंदकिशोर गोयल शामिल रहे।

SP_Singh AURGURU Editor