कुलश्रेष्ठ समाज को नई दिशा, अखिल भारतीय महासभा को मिला नया नेतृत्व
आगरा । फरीदाबाद में रविवार को अखिल भारतीय कुलश्रेष्ठ महासभा का त्रिवार्षिक अधिवेशन एवं आम सभा हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में देशभर की 35 से अधिक कुलश्रेष्ठ सभाओं के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की, जिससे कार्यक्रम एक विशाल सामाजिक समागम में परिवर्तित हो गया।
अरुण और संजय मोहन को मिली कमान, राष्ट्रीय मंच पर आगरा की मजबूत उपस्थिति, कुलश्रेष्ठ महासभा में मिले पांच अहम पद
आगरा । फरीदाबाद में रविवार को अखिल भारतीय कुलश्रेष्ठ महासभा का त्रिवार्षिक अधिवेशन एवं आम सभा हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में देशभर की 35 से अधिक कुलश्रेष्ठ सभाओं के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की, जिससे कार्यक्रम एक विशाल सामाजिक समागम में परिवर्तित हो गया।
आम सभा का संचालन अखिल भारतीय कुलश्रेष्ठ महासभा के कार्यालय सचिव राजीव (आगरा) एवं संरक्षक सुभाष (मुजफ्फरनगर) ने किया। सभा में गत माह संपन्न चुनावों में विजयी रहे फरीदाबाद के अरुण का नाम अखिल भारतीय अध्यक्ष पद के लिए प्रस्तावित किया गया, जिसे उपस्थित सदस्यों ने ध्वनि मत से सर्वसम्मति से पारित कर दिया।
इसके पश्चात अरुण को अध्यक्ष तथा संजय मोहन को महासचिव पद की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण के दौरान सभा भवन उत्साह, हर्ष और तालियों से गूंज उठा।
नई कार्यकारिणी में आगरा का बढ़ा मान
इस अधिवेशन की सबसे खास उपलब्धि आगरा के लिए रही, जहां से पांच सदस्यों को नई अखिल भारतीय कार्यकारिणी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं। आगरा सभा के
सर्वानंद को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, विशाल कुलश्रेष्ठ को कार्यालय सचिव, मनोज कुलश्रेष्ठ को राष्ट्रीय प्रवक्ता की कमान सौंपी गई। वहीं संजीव कुलश्रेष्ठ को दुबारा से राष्ट्रीय युवा शाखा अध्यक्ष और आशीष कुलश्रेष्ठ को युवा सह सचिव घोषित किया गया। इन नियुक्तियों से आगरा के कुलश्रेष्ठ समाज में खुशी और गौरव का माहौल है।
मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथियों ने रखे विचार
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा सरकार के मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राजेश नागर उपस्थित रहे। उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष, महासचिव और उनकी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह बदलाव का समय है और समाज के नेतृत्व को नई सोच व आधुनिक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ना होगा।
विशिष्ट अतिथि एवं अखिल भारतीय संरक्षक सुभाष जी ने कहा कि समाज में परिवर्तन की लहर काफी समय से दिखाई दे रही थी, जो अब अरुण के अध्यक्ष और संजय मोहन के महासचिव बनने के बाद स्पष्ट रूप से सामने आएगी। वहीं दूसरी विशिष्ट अतिथि शिप्रा कुलश्रेष्ठ ने युवाओं और महिलाओं को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया।
आगरा अध्यक्ष ने जताया आभार
आगरा सभा के अध्यक्ष शशि कुलश्रेष्ठ ने अपने संबोधन में नई कार्यकारिणी को बधाई दी और नए अध्यक्ष व महासचिव को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। साथ ही उन्होंने आगरा को पाँच पद दिए जाने पर अखिल भारतीय नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष का संकल्प
अखिल भारतीय अध्यक्ष बने अरुण ने उपस्थित सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में समाज हित में कई सकारात्मक सुधार किए जाएंगे और युवाओं की भागीदारी को और मजबूत किया जाएगा।
युवाओं में नई ऊर्जा का संचार
अंत में अखिल भारतीय कुलश्रेष्ठ महासभा के संरक्षक निर्मल कुलश्रेष्ठ ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी का गठन युवाओं की बढ़-चढ़कर भागीदारी और उत्साह को प्रोत्साहित करने वाला है। यह शपथ ग्रहण समारोह इस बात का प्रमाण है कि समाज का भविष्य नई पीढ़ी के हाथों में सुरक्षित ही नहीं, बल्कि नई ऊंचाइयों को छूने के लिए तैयार है। उन्होंने सुंदर आयोजन और आतिथ्य के लिए कुलश्रेष्ठ सभा फरीदाबाद का धन्यवाद किया।