जीवनी मंडी चौकी में नाबालिग से बर्बरता पर कुशवाह समाज का विरोध प्रदर्शन, डीसीपी सिटी को ज्ञापन, दोषी पुलिसकर्मियों पर मुकदमे की मांग
आगरा। थाना छत्ता क्षेत्र की जीवनी मंडी चौकी पर नाबालिग किशोर नरेंद्र कुशवाहा के साथ कथित मारपीट और अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आने के बाद कुशवाह समाज में भारी आक्रोश है। बुधवार को कुशवाह समाज के लोग एकत्र हुए और इस घटना को नाबालिग के साथ बर्बरता करार देते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने तथा दंडात्मक कार्रवाई की मांग को लेकर डीसीपी सिटी को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र कुशवाह ने आरोप लगाया कि जीवनी मंडी चौकी के चौकी इंचार्ज और सहयोगी पुलिसकर्मियों ने निर्दोष नाबालिग नरेंद्र कुशवाह को हिरासत में लेकर उसके साथ बर्बर और अमानवीय व्यवहार किया। पीड़ित के अनुसार, पुलिसकर्मियों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। आरोप यह भी है कि उसके पैर का नाखून तक खींच लिया गया।
राजेंद्र कुशवाह ने कहा कि किशोर किसी भी अपराध में संलिप्त नहीं था, इसके बावजूद उसके साथ क्रूरता की गई। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने धमकी देते हुए उसकी जेब से 1800 रुपये नकद और मोबाइल फोन भी जबरन छीन लिया। घटना के दिन ही समाज के लोगों ने जीवनी मंडी चौकी पर धरना-प्रदर्शन कर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।
इस कथित पुलिसिया बर्बरता को लेकर आगरा में व्यापक रोष देखा जा रहा है। कुशवाह समाज का कहना है कि यदि शीघ्र ही दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो ओबीसी इकलाब सेना आंदोलन का रास्ता अपनाने को विवश होगी। समाज ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और पीड़ित नाबालिग को न्याय दिलाने की मांग की है।
Top of Form
Bottom of Form