लक्ष्मी देवी जैन जीवन के बाद भी दे गईं उजाला, नेत्रदान से दो अंधकारमय जिंदगियां होंगी रोशन
आगरा। सच्ची मानव सेवा वही है, जो जीवन के बाद भी किसी की दुनिया रोशन कर सके। चन्द्रनगर कॉलोनी, बालूगंज की 85 वर्षीय श्रीमती लक्ष्मी देवी जैन अपने नेत्रदान के माध्यम से दो अंधकारमय जिन्दगियों में उजाला देने का अमूल्य योगदान कर गई हैं। राज्यसभा सांसद नवीन जैन की सास रहीं लक्ष्मी देवी के शुक्रवार को निधन के बाद परिवार द्वारा की गई नेत्रदान की पहल समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बनी।
शुक्रवार को श्रीमती लक्ष्मी देवी जैन के निधन के बाद उनके परिजन शैलेश जैन ने तुरंत श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी के पूर्व महामंत्री राजकुमार जैन से संपर्क कर नेत्रदान की इच्छा जताई।
सूचना पाते ही बजाजा कमेटी के सहयोग से एस.एन. मेडिकल कॉलेज की आई बैंक की प्रभारी डॉ. शेफाली मजूमदार, ग्रीफ काउंसिलर दीपक शर्मा, विशेषज्ञ डॉक्टर्स की टीम ने घर पहुंचकर पूरी नेत्रदान प्रक्रिया पूरी कराई।
इस मानवीय कार्य की सराहना करते हुए श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल, महासचिव राजीव अग्रवाल, मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गोयल ने कहा कि नेत्रदान सबसे बड़ा दान है और इससे किसी की अंधेरी दुनिया रोशन हो सकती है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से नेत्रदान अभियान से जुड़ने की अपील की। ऐसे नेक कार्य से जुड़ने के इच्छुक लोग 9319809451 पर संपर्क कर सकते हैं।