आगरा में देर रात हादसाः दो बाइक टकराईं, घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, चार घायल हुए थे
आगरा। थाना खंदौली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की भिड़ंत में घायल हुए युवक की शनिवार सुबह एसएन मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान विकास कुमार निवासी पुरा गोवर्धन, खंदौली के रूप में हुई है। हादसे में एक दो वर्षीय बच्ची सहित चार लोग घायल हुए थे। तीन का उपचार जारी है।
यह दर्दनाक हादसा खंदौली क्षेत्र के नगला चंदन स्थित चंद्रावली प्रॉपर्टी के पास शुक्रवार रात करीब 12 बजे के बाद हुआ। दोनों बाइकें शादी समारोह से लौटते समय आमने-सामने टकरा गईं। एक बाइक पर बमरौली कटारा निवासी हेमंत और उनकी दो वर्षीय बेटी रिचा सवार थे। दूसरी बाइक पर विकास कुमार और शक्ति सिंह, निवासी पुरा गोवर्धन, सवार थे।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने सभी को तत्काल एसएन मेडिकल कॉलेज भिजवाया। जहां इलाज के दौरान शनिवार सुबह विकास कुमार की मौत हो गई। अन्य घायलों की हालत स्थिर बताई गई है।