आगरा में देर रात मुठभेड़: गोली लगने से घायल हुआ बदमाश, लाखों का चोरी का माल बरामद

May 11, 2025 - 13:10
 0
आगरा में देर रात मुठभेड़: गोली लगने से घायल हुआ बदमाश, लाखों का चोरी का माल बरामद
मुठभेड़ में घायल बदमाश को गिरफ्तार कर अस्पताल ले जाती पुलिस टीम।  

आगरा। थाना सदर पुलिस ने एक बार फिर अपराध के खिलाफ सख्त रुख दिखाया। बीती रात चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर बदमाश को गोली लगने के बाद दबोच लिया गया। आरोपी के पास से लाखों रुपये की नकदी, जेवरात और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।

एसीपी सुकन्या शर्मा ने बताया कि संदिग्ध हालत में बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार बदमाश को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन वह भागने लगा। पीछा करने पर उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। उसे तत्काल हिरासत में लेते हुए इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान हाथरस निवासी कुलदीप के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह सुनसान और बंद पड़े घरों को निशाना बनाकर चोरी करता था। पुलिस ने उसके पास से एक देसी तमंचा, कारतूस, सोने के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है।

SP_Singh AURGURU Editor