देर रात बेकाबू बस का कहर, फतेहाबाद रोड पर दर्दनाक हादसा, दो युवकों की मौत

आगरा के फतेहाबाद रोड पर टीडीआई मॉल के सामने देर रात एक बेकाबू बस ने बाइक सवारों को कुचल दिया। हादसे में फिरोजाबाद निवासी हर्षित और आगरा निवासी अनिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Jan 15, 2026 - 20:34
 0
देर रात बेकाबू बस का कहर, फतेहाबाद रोड पर दर्दनाक हादसा, दो युवकों की मौत
मृतक हर्षित व अनिल

आगरा। शहर में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। देर रात फतेहाबाद रोड पर टीडीआई मॉल के सामने एक तेज रफ्तार और बेकाबू बस ने बाइक सवार युवकों को रौंद दिया। हादसा इतना भयावह था कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस तेज रफ्तार में थी और अचानक नियंत्रण खो बैठी। सामने से आ रही बाइक को बस ने सीधी टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दूर जा गिरे। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। सूचना मिलने पर पुलिस भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान हर्षित (28 वर्ष), निवासी फिरोजाबाद और अनिल (40 वर्ष), निवासी आगरा के रूप में हुई है। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे एंबुलेंस के जरिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

सुबह जब हादसे की खबर परिजनों तक पहुंची तो घरों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि फतेहाबाद रोड पर देर रात भारी वाहनों की रफ्तार अक्सर बेकाबू रहती है, जिससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सख्ती और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।