जापान को पीछे छोड़ भारत बना दुनिया की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था
नई दिल्ली। जापान को पीछे छोड़कर भारत अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। शनिवार (24 मई, 2025) को नीति आयोग के सीईओ बीवीआर सुब्रमण्यम ने ये जानकारी दी। उन्होंने नीति आयोग के गवर्निंग काउंसिल की 10वीं बैठक के बाद कहा कि ग्लोबल और इकोनॉमिक माहौल भारत के अनुकूल बना हुआ है।
बीवीआर सुब्रमण्यम ने कहा, "हम दुनिया की चौथी सबसे बड़ी इकोनॉमी हैं। आज हम चार हजार डॉलर की अर्थव्यवस्था बन चुके हैं।" उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के आंकड़ों का हवाला देते हुए आगे कहा, "भारतीय अर्थव्यवस्था अब जापान से भी बड़ी हो गई है। भारत ने ये मुकाम पाकर इतिहास रच दिया है। अब सिर्फ अमेरिका, चीन और जर्मनी की इकोनॉमी ही भारत से आगे है। मुझे उम्मीद है कि हम जल्द तीसरे स्थान पर भी पहुंच जाएंगे।"
नीति आयोग के सीईओ ने कहा कि हम अपनी योजना पर कायम हैं और अगर सब कुछ सही रहता है तो अगले ढाई-तीन सालों में जर्मनी को पीछे छोड़ते हुए हम दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी इकोनॉमी बन जाएंगे। उन्होंने कहा कि भारत ने ये मुकाम ऐसे समय में हासिल किया है, जब अमेरिकी टैरिफ के चलते दुनियाभर में हलचल है, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी भारत की ग्रोथ को नहीं रोक सके हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति के एप्पल फोन पर टैरिफ लगाने से जुड़े एक सवाल पर सीईओ बीवीआर सुब्रमण्यम ने कहा, "हमें उम्मीद है कि अमेरिका में बिकने वाले एप्पल आईफोन का निर्माण अमेरिका में ही होगा, न कि भारत में या किसी और जगह पर। आगे टैरिफ क्या होगा, यह अभी कहना मुश्किल है। हालांकि, हम निर्माण के लिए सस्ती जगह जरूर होंगे।"