खेत में काम कर रहे किसान पर तेंदुए का हमला, बरहन क्षेत्र में दहशत, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
आगरा। जनपद के थाना बरहन क्षेत्र अंतर्गत घड़ी सहजा गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खेत में काम कर रहे एक किसान पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे गांव में दहशत का माहौल बन गया है।
आगरा। जनपद के थाना बरहन क्षेत्र अंतर्गत घड़ी सहजा गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खेत में काम कर रहे एक किसान पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे गांव में दहशत का माहौल बन गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार किसान गुड्डू पुत्र रमेश गांव के पास स्थित कॉलेज के पीछे अपने खेत में खाद डालने का काम कर रहा था। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने अचानक उस पर हमला कर दिया। किसान के शोर मचाने पर आसपास काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद तेंदुआ खेतों की ओर भाग गया।
हमले में किसान गुड्डू को गंभीर चोटें आई हैं। ग्रामीणों की मदद से उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई।
वन विभाग ने क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी को देखते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए गए हैं और खेतों व आसपास के इलाकों में सघन निगरानी की जा रही है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले खेतों में न जाने की सलाह दी गई है।
थाना बरहन पुलिस का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और वन विभाग के साथ समन्वय कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। वहीं, घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की है।