ससुराल की प्रताड़ना से टूटी जिंदगी: विवाहिता ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, पति और ननदों पर गंभीर आरोप, रुनकता में दर्दनाक घटना से मचा कोहराम
रुनकता (आगरा)। रुनकता क्षेत्र में रविवार को एक नवविवाहिता की आत्महत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। विवाहिता ने रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि मायके पक्ष ने पति और उसकी दोनों बहनों पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रुनकता निवासी 26 वर्षीय रूपाली पुत्री झुन्नीलाल का विवाह 20 फरवरी 2026 को जगनेर क्षेत्र के नगला गांव निवासी विष्णु सिंह परमार पुत्र रामवीर सिंह परमार के साथ हुआ था। परिजनों का आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही रूपाली को उसके पति और दोनों ननदों द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। इससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान रहने लगी थी।
मृतका के परिजनों के अनुसार रूपाली ने कई बार फोन पर अपने पिता झुन्नीलाल को ससुराल में हो रही प्रताड़ना की जानकारी दी थी। स्थिति गंभीर होने पर 27 मई 2026 को उसके पिता उसे ससुराल से वापस रुनकता ले आए थे। तब से वह अपने मायके में रह रही थी।
बताया गया है कि रविवार दोपहर करीब दो बजे रूपाली घर से निकलकर गांव के नगला क्षेत्र स्थित रेलवे ट्रैक पर पहुंची और ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल का दृश्य देख परिवार के लोग बदहवास हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और परिजनों द्वारा दी जाने वाली तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मायके पक्ष ने पति विष्णु सिंह परमार तथा उसकी दोनों बहनों को रूपाली की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
-रिपोर्ट -सौरभ सिंहTop of Form
Bottom of Form