ताज की मोहब्बत से बंधा जीवनभर का रिश्ता, फ्रांस से आए बुजुर्ग जोड़े ने हिंदू रीति से रचाई शादी

ताजमहल देखने आए फ्रांस के वॉरदों से आए 74 वर्षीय फिलिप और 68 वर्षीय सिल्विया ने आगरा के राधा-कृष्ण मंदिर में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह किया। वैदिक मंत्रों के बीच सात फेरे लेकर दोनों ने जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया, जिससे प्रेम और भारतीय संस्कृति का अनोखा संगम देखने को मिला।

Jan 20, 2026 - 21:20
 0
ताज की मोहब्बत से बंधा जीवनभर का रिश्ता, फ्रांस से आए बुजुर्ग जोड़े ने हिंदू रीति से रचाई शादी
हिन्दू रीति से विवाह करता फ्रांस का जोड़ा।

आगरा। आगरा में प्रेम और संस्कृति का अनोखा संगम देखने को मिला, जब ताजमहल देखने आए फ्रांस के वॉरदों शहर से आए एक विदेशी जोड़े ने भारतीय परंपराओं से प्रभावित होकर हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह कर लिया। 74 वर्षीय फिलिप और 68 वर्षीय सिल्विया ने आगरा के प्रसिद्ध राधा-कृष्ण मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया।

बताया गया कि फिलिप और सिल्विया लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे और साथ जीवन बिताने का निर्णय कर चुके थे। भारत यात्रा के दौरान जब वे ताजमहल की प्रेम कहानी और भारतीय संस्कृति से रूबरू हुए, तो उन्होंने अपने रिश्ते को भारतीय विवाह परंपरा के अनुसार पवित्र बंधन में बांधने का फैसला किया।

विवाह समारोह पूरी तरह पारंपरिक रहा। मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रों के उच्चारण, अग्नि के समक्ष फेरे और पुजारी द्वारा विधिवत पूजन कराया गया। इस दौरान दोनों ने भारतीय परिधान भी धारण किए, जिससे समारोह और भी खास बन गया। मंदिर में मौजूद श्रद्धालु और स्थानीय लोग इस अनोखे विवाह के साक्षी बने और नवदंपति को आशीर्वाद दिया।

फिलिप और सिल्विया ने कहा कि उन्हें भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता और विवाह की पवित्र भावना ने गहराई से प्रभावित किया है। उन्होंने इसे अपने जीवन का यादगार और भावनात्मक क्षण बताया। यह विवाह न सिर्फ प्रेम की मिसाल बना, बल्कि यह भी दर्शाया कि भारतीय परंपराएं आज भी दुनिया भर के लोगों को आकर्षित करती हैं।