सती के प्रेम और पार्वती के तप में झलका शिवत्व का प्रकाश, महाकालेश्वर मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

आगरा। श्री महाकालेश्वर मंदिर, दयालबाग में सावन महोत्सव समिति द्वारा आयोजित श्री शिवमहापुराण कथा एवं महा रुद्राभिषेक महोत्सव के तीसरे दिन सती के विरह और पार्वती के तप की कथा सुनते हुए श्रद्धालु भक्ति और करुणा में सराबोर हो उठे। कथा स्थल शिवमय वातावरण से गुंजायमान रहा, जहां हर श्रोता के अंतर्मन में शिवत्व जागृत होता दिखा।

Jul 13, 2025 - 21:05
 0
सती के प्रेम और पार्वती के तप में झलका शिवत्व का प्रकाश, महाकालेश्वर मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
श्री महाकालेश्वर मंदिर में ‘सती विरह और पार्वती तप’ प्रसंग सुनाते कथा व्यास आचार्य मृदुलकांत शास्त्री। श्रद्धालुगण कथा श्रवण में लीन।

-शिवमहापुराण कथा के तीसरे दिन भक्ति, विरह और साधना की त्रिवेणी में डूबे श्रद्धालु

रुद्राभिषेक और पार्थिव शिवलिंग निर्माण से दिन की शुरुआत

सुबह महा रुद्राभिषेक से दिन का आरंभ हुआ। 153 श्रद्धालु जोड़ों ने 153 आचार्यों के मार्गदर्शन में भगवान शिव का विशेष पूजन किया। मंत्रोच्चार, बेलपत्र, गंगाजल और दुग्धाभिषेक से मंदिर परिसर शिवमय हो गया।

इसके उपरांत सवा लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने मिट्टी से शिवलिंग बनाकर “ॐ नमः शिवाय” जप के साथ समर्पित किए। इस अनुष्ठान में श्रद्धा, अनुशासन और आत्मिक समर्पण का अद्भुत संगम देखा गया।

कथा में प्रेम, त्याग और तप की त्रयी

सायंकाल कथा में आचार्य मृदुलकांत शास्त्री ने सती के आत्मबलिदान, शिव के मौन विरह और पार्वती के तप की गाथा इतने भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत की कि श्रद्धालु आंखों में आंसू और मन में श्रद्धा लिए नतमस्तक हो उठे। उन्होंने कहा- सती का प्रेम त्याग है, पार्वती का प्रेम तप है और शिव, दोनों का मौन उत्तर हैं।
उन्होंने कहा कि प्रेम केवल अधिकार नहीं, त्याग की पराकाष्ठा भी है। पार्वती ने संन्यासी शिव को पाने के लिए वर्षों तक कठोर तप किया, यही तप नारी शक्ति की साधना बनकर हर कालखंड को मार्ग दिखाता है।

आयोजन संयोजक आचार्य सुनील वशिष्ठ ने कहा कि यह कथा केवल पौराणिक नहीं, यह भीतर के शिव को जागृत करने की प्रक्रिया है।

झांकियां बनीं आकर्षण, शिवभक्तों की उमड़ी भीड़

मंदिर परिसर में 11 फीट ऊंचे रुद्राक्ष शिवलिंग और मानसरोवर झील की झांकी श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बनी रही। दिनभर शिव नाम के जाप करते हुए श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं।

आज निकलेगी भव्य शिव बरात

समिति संयोजक पवन शर्मा ने बताया कि सोमवार शाम 5 बजे जतिन रिजॉर्ट से भव्य दिव्य शिव बारात निकाली जाएगी। इस शोभायात्रा में शिव तांडव, नृत्यमयी झांकियां, भजन मंडलियां नासिक बैंड विशेष आकर्षण होंगे। यह बरात पुष्पांजलि, अदन बाग, 100 फीट रोड होते हुए कथा स्थल पहुंचेगी।

ये रहे प्रमुख उपस्थितजन

प्रदीप द्विवेदी, अरविंद द्विवेदी, रामचरण शर्मा, पवन शर्मा, सुनील शर्मा, सुभाष गिरी, सरिता तिवारी, नीलू पांडे, युवराज द्विवेदी, विपिन पाराशर समेत अनेक श्रद्धालु आयोजन में सम्मिलित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor