लायंस क्लब प्रयास ने एक पहल में वितरित की 500 यूनिफॉर्म्स, शिक्षा और सेवा का भावपूर्ण संगम
आगरा। हर बच्चे को गरिमामयी शिक्षा मिले और समाज में समान अवसर सुनिश्चित हों। इस संकल्प के साथ लायंस क्लब प्रयास द्वारा सोमवार को दयालबाग स्थित 'एक पहल पाठशाला' में विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कक्षा नर्सरी से 12वीं तक के 500 बच्चों को स्कूल यूनिफॉर्म्स वितरित की गईं। संस्कार, संवेदना और सेवा की त्रिवेणी से सजा यह आयोजन हर उपस्थित व्यक्ति को प्रेरणा दे गया।
-दयालबाग की एक पहल पाठशाला में लायंस क्लब प्रयास द्वारा आयोजित सेवा कार्यक्रम, शिक्षा, संस्कृति और सहयोग का भावपूर्ण आयोजन
कार्यक्रम का शुभारंभ लायंस क्लब इंटरनेशनल के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर द्वितीय अजय भार्गव ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी अतिथियों का मन मोह लिया।
क्लब अध्यक्ष रितेश मांगलिक ने जानकारी दी कि लायंस क्लब प्रयास द्वारा संस्था को 1,66,000 रुपये का आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया, जिससे बच्चों की यूनिफॉर्म्स तैयार कराई गईं। यह सहयोग केवल वस्त्र नहीं, बल्कि शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
पूर्व अध्यक्ष अशु मित्तल ने बताया कि फूड फॉर लाइफ सेवा प्रकल्प के अंतर्गत बच्चों को भोजन (प्रसादी) भी वितरित किया गया, जिससे आयोजन की आत्मीयता और गहराई बढ़ गई।
मुख्य अतिथि अजय भार्गव ने लायंस क्लब की सेवाभावी परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा और सेवा के संगम से ही समाज में सशक्त परिवर्तन लाया जा सकता है।
कार्यक्रम का संचालन इभा गर्ग ने किया और धन्यवाद ज्ञापन छात्रा गौरी ने प्रस्तुत किया।
एक पहल पाठशाला के संस्थापक मनीष राय, अंकित खंडेलवाल और बरखा राय ने कार्यक्रम की व्यवस्थाएं भलीभांति संभालीं। इस अवसर पर पंकज गर्ग, तनुजा मांगलिक, रीना गर्ग, मयूरी मित्तल, रेनू भगत, दिव्या गोयल, आशीष अग्रवाल, शिवांगी अग्रवाल, दीप सिंघल, दीपक अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, रचना अग्रवाल, मनीष बंसल आदि सम्मानितजन उपस्थित रहे।