लायंस क्लब संगिनी के सामूहिक विवाह में सादगी से सजे सपने, तीन जोड़ों ने थामा जीवनभर का साथ
आगरा में लायंस क्लब संगिनी के तत्वावधान में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह ने सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया, जहां तीन जरूरतमंद जोड़ों की नई जिंदगी की शुरुआत पूरे सम्मान और गरिमा के साथ कराई गई।
आगरा। विजय नगर स्थित विजय क्लब में लायंस क्लब संगिनी के तत्वावधान में लायंस क्लब फ्लेमिंगो द्वारा भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस आयोजन में तीन नवविवाहित जोड़ों का विवाह वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया और उन्हें गृहस्थी की आवश्यक सामग्री भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
समारोह में मुख्य अतिथि लायंस क्लब के पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर जितेंद्र चौहान, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर द्वितीय अजय भार्गव एवं कल्पना भार्गव ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
मुख्य अतिथि जितेंद्र चौहान ने कहा कि इस प्रकार के सामूहिक विवाह समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं तथा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होते हैं। वहीं अजय भार्गव ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक कुरीतियों को कम करने के साथ-साथ समाज में समरसता और एकता का संदेश देते हैं।
कार्यक्रम में संगिनी की अध्यक्ष सोनालिका अग्रवाल, सचिव मानसी अग्रवाल और कोषाध्यक्ष रीना गोयल तथा लायंस क्लब फ्लेमिंगो की अध्यक्ष रितिका अग्रवाल, सचिव सलोनी माहेश्वरी और दीपा बंसल ने बारातियों का भव्य स्वागत किया। वधुओं की आरती उतारकर उनका अभिनंदन किया गया, जिससे पूरा वातावरण भावनाओं से सराबोर हो उठा।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नवयुगलों ने सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। इसके बाद भावुक माहौल में सभी जोड़ों को विदाई दी गई, जहां उपस्थित जनों की आंखें नम हो उठीं।
इस अवसर पर रुपाली जैन, रितु गोयल, रितु मित्तल, ऋचा जैन, नेहा माहेश्वरी, पूजा असवानी, मनीषा जैन, प्रियंका, प्रिया अग्रवाल, मान्या चोपड़ा, आदिति अग्रवाल, गीतिका अग्रवाल, प्रिया बंसल, तान्या बंसल, बुलबुल, इशा, सौम्या सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।