आगरा में लायंस क्लब विशाल ने पूरन डावर और शिक्षिकाओं को किया सम्मानित
आगरा। फतेहाबाद रोड स्थित ताज कन्वेंशन सेंटर एंड होटल में शिक्षक दिवस के अवसर पर लायंस क्लब विशाल द्वारा आयोजित समारोह में शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। इसी समारोह में उद्यमी पूरन डावर का भी सम्मान किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत क्लब के वरिष्ठ सदस्य पूरन डावर के सम्मान से हुई। यह सम्मान उन्हें फुटवियर एवं चमड़ा उद्योग परिषद का अध्यक्ष चुने जाने पर दिया गया। इस उपलब्धि पर क्लब परिवार ने उनका भव्य स्वागत करते हुए स्मृति चिन्ह भेंट किया। पूरन डावर ने अपने संबोधन में कहा कि लायंस क्लब समाजसेवा के साथ-साथ शिक्षा क्षेत्र में भी महत्त्वपूर्ण योगदान दे रहा है और यह कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
क्लब अध्यक्ष सुनील गुप्ता ने बताया कि क्लब की महिला सदस्य कविता अग्रवाल, आशा गोयल, कामना धवन और अर्चना गुप्ता शिक्षा के माध्यम से समाज को सशक्त बनाने का कार्य कर रही हैं। शिक्षक दिवस पर उनकी सेवा और समर्पण को देखते हुए उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान क्लब सदस्यों ने अपने छात्र जीवन की सुनहरी यादों को साझा किया। गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हुए वातावरण भावनाओं और स्मृतियों से सराबोर हो उठा।
इस अवसर पर क्लब कोषाध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल, अजय बंसल, सुनील अग्रवाल, चंदर माहेश्वरी, अनूप गुप्ता सहित बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे और समारोह को सफल बनाया।