आगरा में 117 जरूरतमंद मरीजों के निःशुल्क ऑपरेशन, मिसाल बना लायंस विशाल का सेवा प्रकल्प

आगरा। निर्धन और जरूरतमंद मरीजों के लिए समर्पित चिकित्सा सेवा का एक अनुकरणीय उदाहरण पेश करते हुए लायंस क्लब आगरा विशाल सफायर, डॉ. दिव्या प्रकाश मेमोरियल फाउंडेशन एवं एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ आगरा द्वारा संचालित निःशुल्क ऑपरेशन सेवा प्रकल्प के अंतर्गत इस वर्ष 117 मरीजों के पित्ताशय की पथरी और अपेंडिक्स से संबंधित ऑपरेशन निःशुल्क किए गए। यह सेवा प्रकल्प बीते 30 वर्षों से लगातार जारी है, जिसके तहत अब तक 3500 से अधिक निर्धन मरीजों का निशुल्क इलाज और ऑपरेशन किया जा चुका है।

Feb 9, 2026 - 18:14
 0
आगरा में 117 जरूरतमंद मरीजों के निःशुल्क ऑपरेशन, मिसाल बना लायंस विशाल का सेवा प्रकल्प
लायंस क्लब आगरा विशाल के निःशुल्क ऒपरेशन सेवा प्रकल्प के समापन समारोह में मौजूद बाएं से सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन संजीव तोमर, सीए राकेश अग्रवाल, प्रमोद अग्रवाल, अजय बंसल, डॉ. श्वेतांक प्रकाश, पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार, समाजसेवी पूरन डावर।

सोमवार को सिकंदरा स्थित शांति वेद इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के सभागार में आयोजित 30वें निःशुल्क ऑपरेशन शिविर के समापन समारोह में क्लब अध्यक्ष सुनील गुप्ता ने जानकारी दी कि इस वर्ष 117 निर्धन मरीजों के सफल ऑपरेशन किए गए हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सा सेवा और मानवीय करुणा से जुड़ा यह प्रकल्प आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

कैंप चेयरपर्सन सीए राकेश अग्रवाल ने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा कर्म और धर्म है और ऐसे सेवा कार्यों से ही सच्चा सुख प्राप्त होता है।
डॉ. श्वेतांक प्रकाश ने कहा कि चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का माध्यम है और यह सेवा उनके पिता को सच्ची श्रद्धांजलि है।

समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने स्व. डॉ. अजय प्रकाश की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और कहा कि निर्धन एवं जरूरतमंदों के लिए निःशुल्क ऑपरेशन की यह सेवा निसंदेह पुण्य का कार्य है और समाज के लिए प्रेरणादायी है।

विशिष्ट अतिथि लायंस क्लब डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन संजीव तोमर और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने भी इस सेवा प्रकल्प की प्रशंसा की।

समारोह में निशुल्क ऑपरेशन करने वाले सर्जन्स डॉ. श्वेतांक प्रकाश, डॉ. ब्लॉसम प्रकाश, डॉ. स्वाति प्रकाश, डॉ. अभिनव प्रकाश, डॉ. अंबर रिजवी और डॉ. राघव गुप्ता, साथ ही एनेस्थीसिया सेवाएं देने वाले डॉ. बी.वी. बंसल, डॉ. दीप्ति माला अग्रवाल, डॉ. हिमांशु कुलश्रेष्ठ, डॉ. सुरभि तलवार और डॉ. तन्वी भारद्वाज का सम्मान कर आभार व्यक्त किया गया।

इस अवसर पर यथार्थ शांतिवेद द्वारा आगरा में अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधा की दिशा में एक और ऐतिहासिक कदम उठाते हुए यूएसएफडीए से अप्रूव्ड द विंची रोबोटिक सर्जरी सिस्टम की लॉन्चिंग भी की गई। घोषणा की गई कि आगामी वर्ष के निःशुल्क ऑपरेशन शिविर में निर्धन मरीज भी इस अत्याधुनिक रोबोटिक सर्जरी सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।

कार्यक्रम में डॉ. अरुणा प्रकाश, प्रमोद अग्रवाल, अजय मनचंदा, अजय बंसल, सुनील मित्तल, पूरन डाबर, गोपाल गुप्ता, नंदकुमार बंसल, विजय भार्गव, डॉ. अमित श्रीवास्तव और डॉ. अनूप दीक्षित प्रमुख रूप से मौजूद रहे। समारोह का संचालन कैंप चेयरपर्सन सीए राकेश अग्रवाल ने किया।

SP_Singh AURGURU Editor