आगरा में लोहड़ी की धूम, श्रद्धा, संस्कृति और सामूहिक उल्लास में डूबा शहर
मकर संक्रांति से पूर्व लोहड़ी के पावन पर्व पर आगरा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों की धूम रही। महिला संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं, सामाजिक समितियों और मोहल्लों में परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ लोहड़ी मनाई गई। अग्नि प्रज्ज्वलन, लोकगीत, भांगड़ा-गिद्दा, भक्ति पाठ और सामूहिक सहभागिता ने पर्व को आपसी सौहार्द, नारी सशक्तिकरण और सामाजिक एकता का प्रतीक बना दिया।
महिला मित्र मंडल ताजगंज ने मनाया लोहड़ी पर्व
महिला मित्र मंडल ताजगंज द्वारा लोहड़ी का पावन पर्व ताज़गंज थाना के सामने स्थित सिंधी धर्मशाला परिसर में श्रद्धा, उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत लोहड़ी की पावन अग्नि प्रज्ज्वलन से हुई, जिसमें महिलाओं ने तिल की रेवड़ी, मूंगफली और मक्का के फुल्ले अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की।
इसके पश्चात महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में ढोल की थाप पर भांगड़ा एवं गिद्दा प्रस्तुत कर वातावरण को लोक-संस्कृति के रंगों से भर दिया। मंडल की अध्यक्षा लक्ष्मी ज्ञानचंदानी ने कहा कि ऐसे आयोजन महिला सशक्तिकरण, सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक सहभागिता को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में दादी पकवानी, चांदनी भोजवानी, केसर असवानी, लीला मोडवानी, मंजीत कौर, रेनू, सपना, लवीना, भावना, दिशा, मानसी, नंदनी, काव्या, पूजा, दिव्या, मीना, भूमि सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की व्यवस्था झूलेलाल मित्र मंडल द्वारा की गई।
कंप्यूटर मार्केट में पारंपरिक उल्लास के साथ मनी लोहड़ी
आगरा। संजय प्लेस स्थित कंप्यूटर मार्केट में लोहड़ी पर्व बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। हरप्रीत सिंह नंदा एवं शिवम स्टेशनरी के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम में व्यापारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
विधिवत लोहड़ी पूजन के पश्चात तिल और गजक का वितरण किया गया। कंप्यूटर एसोसिएशन के अध्यक्ष आरएस सेंगर ने पर्व के सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे भाईचारे और समृद्धि का प्रतीक बताया।
कार्यक्रम में मीडिया प्रभारी चतुर्भुज तिवारी, अरविंद सिंह राजावत, आशुतोष सारस्वत, मनीष कुमार, गिरिराज शर्मा, मनीष पोर्वाल, संजय मित्तल, मोह. सद्दाम सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
वात्सल्य सेवा समिति का संयुक्त उत्सव
आगरा। वात्सल्य सेवा समिति द्वारा नववर्ष, लोहड़ी एवं मकर संक्रांति का संयुक्त कार्यक्रम शाहगंज स्थित विजय विहार कॉलोनी में समिति सदस्य निशा जैन के निवास पर आयोजित किया गया। मंगलाचरण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
सदस्याओं ने 27 मिनट का नवकार महामंत्र का सामूहिक पाठ किया तथा भक्ति भजन प्रस्तुत किए। विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें विजेताओं को तत्काल सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अध्यक्ष रश्मि जैन, उपासना जैन, कविता जैन, करूणा जैन, रागिनी जैन, पुष्पा जैन, रिंकी जैन, सुनीता जैन, बबीता जैन, रीता जैन, प्रतिभा जैन, नंदनी जैन, निशा जैन सहित अनेक सदस्याएं मौजूद रहीं। अंत में अध्यक्ष ने आभार व्यक्त किया।
शाहगंज-केदार नगर में घर-घर जली लोहड़ी
शाहगंज के केदार नगर क्षेत्र में लोहड़ी महोत्सव घर-घर पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर युवक-युवतियां झूमते नजर आए, जबकि महिलाएं लोकगीत गाते हुए लोहड़ी की परिक्रमा करती रहीं।
अग्नि में तिल, मूंगफली, रेवड़ी, गजक, मक्का के दाने, गुड़ और मिठाइयां अर्पित की गईं। बच्चों को प्रसादी वितरित की गई और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया गया।
इस अवसर पर सरदार सुंदर सिंह, श्याम भोजवानी, सुरजीत सिंह, सनी भोजवानी, मनीष खोरेजा, दयाल आहूजा, कुलदीप सिंह, गोपाल आहूजा, सुखपाल सिंह, पूजा भोजवानी सहित अनेक परिवारजन व बच्चे शामिल रहे।