हंगामा होने पर लोकसभा बार-बार स्थगितः अध्यक्ष की कुर्सी तक काग़ज़ उछालने वाले छह कांग्रेस सांसद बजट सत्र के लिए निलंबित, चीन मुद्दे पर राहुल को रोकने से भड़का विपक्ष, राहुल-प्रियंका का संसद के बाहर प्रदर्शन
नई दिल्ली। लोकसभा में मंगलवार को कार्यवाही उस समय पूरी तरह बेकाबू हो गई, जब नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को चीन और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर बोलने से रोके जाने पर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए। हंगामा इतना बढ़ा कि पीठासीन अध्यक्ष की ओर दो बार काग़ज़ उछाले गए और सदन बार-बार स्थगित करना पड़ा। इस घटनाक्रम के बाद कांग्रेस के छह लोकसभा सांसदों को मौजूदा बजट सत्र तक के लिए निलंबित कर दिया गया, जबकि सांसदों के निलंबन के विरोध में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने संसद परिसर के बाहर ने सांसदों के साथ प्रदर्शन किया।
मंगलवार को दोपहर करीब दो बजे राहुल गांधी लोकसभा की कार्यवाही के दौरान फिर खड़े हुए और चीन से जुड़े मुद्दे पर बोलने की अनुमति मांगी। उन्होंने कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा का प्रश्न उठाया है और पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज नरवणे के कथन का हवाला भी दिया, फिर भी उन्हें बोलने से रोका जा रहा है। राहुल गांधी ने स्पीकर से सीधे सवाल किया कि आखिर नेता प्रतिपक्ष को अपनी बात रखने की अनुमति क्यों नहीं दी जा रही।
इस पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने पलटवार करते हुए कहा कि राहुल गांधी सदन के नियमों और प्रक्रिया का पालन नहीं कर रहे हैं। इसी को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। हंगामा बढ़ने पर लोकसभा की कार्यवाही पहले 3 बजे तक स्थगित करनी पड़ी। तीन बजे सदन दोबारा शुरू हुआ, लेकिन हालात में कोई सुधार नहीं हुआ।
पीठासीन अध्यक्ष द्वारा चीन के मुद्दे पर चर्चा से रोकने के बाद कांग्रेस के कई सांसद वेल में पहुंच गए। आरोप है कि इसी दौरान कुछ सांसदों ने अध्यक्ष की ओर काग़ज़ उछाल दिए। इसे सदन की मर्यादा का गंभीर उल्लंघन मानते हुए पीठासीन अध्यक्ष ने कड़ा रुख अपनाया।
हंगामे और काग़ज़ उछालने की घटना के बाद संसदीय कार्य मंत्री ने कांग्रेस के छह लोकसभा सांसदों को बजट सत्र के लिए निलंबित करने का प्रस्ताव रखा, जिसे बहुमत से पारित कर छह सांसदों को मौजूदा बजट सत्र से निलंबित कर दिया गया। निलंबित सांसदों में गुरजीत ओजला, राजा बडींग, किरण रेड्डी, वेंकट रमण सहित कुल छह सदस्य शामिल हैं। निलंबन की घोषणा होते ही विपक्ष का विरोध और तेज हो गया।
सांसदों के निलंबन के विरोध में राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने संसद के बाहर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा से भाग रही है और विपक्ष की आवाज़ को दबाया जा रहा है। वहीं सत्ता पक्ष का कहना है कि विपक्ष जानबूझकर नियमों की अनदेखी कर रहा है और सदन की कार्यवाही बाधित कर रहा है।
लगातार हंगामे और तनावपूर्ण माहौल के चलते लोकसभा की कार्यवाही को अंततः बुधवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया। संसद का यह दिन लोकतांत्रिक मर्यादाओं और संसदीय अनुशासन को लेकर एक बार फिर बड़े सवाल छोड़ गया।
Top of Form