भव्य भजन संध्या के साथ आगरा में भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव का समापन

आगरा। जैन धर्म के चौबीसवें तीर्थंकर भगवान महावीर के 2625वें जन्म कल्याणक महोत्सव के उपलक्ष्य में आगरा नगर में तीन दिवसीय भव्य आयोजनों का गरिमामय समापन हुआ। आगरा दिगम्बर जैन परिषद के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में आचार्य आर्जव महाराज के शिष्य निर्यापक मुनिश्री विलोकसागर महाराज एवं मुनिश्री विबोधसागर महाराज के सानिध्य में विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम संपन्न हुए।

Apr 1, 2026 - 22:21
 0
भव्य भजन संध्या के साथ आगरा में भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव का समापन
भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव के अंतिम दिन धार्मिक क्रियाएं करते श्रद्धालुजन।

प्रातःकालीन कार्यक्रमों की शुरुआत श्री शान्तिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में श्रीजी के अभिषेक, दैनिक पूजन, जिनेन्द्र महाअर्चना एवं संगीतमयी भगवान महावीर विधान के साथ हुई। 108 कलशों से इन्द्र-इन्द्राणियों द्वारा अभिषेक एवं शान्तिधारा की गई। मंत्रोच्चारण के बीच 108 इन्द्र-इन्द्राणियों ने केसरिया वस्त्र धारण कर प्रभु के समक्ष अर्घ समर्पित किया। भक्ति और उल्लास से परिपूर्ण यह दृश्य मानो देवलोक का आभास करवा रहा था। संगीतमयी पूजन का संचालन प्रीति जैन द्वारा किया गया।

दोपहर 1:00 बजे परिषद की साधारण बैठक आयोजित की गई, जिसके बाद अपराह्न 3:00 बजे श्रीजी की भव्य रथयात्रा मोती कटरा के लिए रवाना हुई। रथयात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।

सायं 7:00 बजे से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विशिष्ट अतिथियों का अभिनंदन किया गया। रात्रि 8:00 बजे सुप्रसिद्ध संगीतकार अजीत जैन एंड पार्टी (जयपुर) द्वारा भजन संध्या प्रस्तुत की गई, जिसमें “मेरे महावीर”, “झूले पालना”, “जैनों का रुतबा बड़ा”, “कुंडलपुर में बजे बधाई” जैसे भजनों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भक्तजन भक्ति रस में डूबकर नृत्य करने पर मजबूर हो गए।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, राज्यसभा सांसद नवीन जैन सहित प्रदीप जैन पीएनसी, जितेन्द्र कुमार जैन, निर्मल मोठ्या, हीरालाल बैनाड़ा, विमल कुमार जैन, राकेश जैन (पार्षद) समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मनोज जैन बाकलीवाल द्वारा किया गया।

SP_Singh AURGURU Editor