जीत कर भी हारे, वेस्टइंडीज महिला टीम का वर्ल्ड कप सपना टूटा, मैदान पर छलके आंसू
नई दिल्ली। कभी-कभी जीत भी काफी नहीं होती। शनिवार को पाकिस्तान में खेले गए महिला वर्ल्ड कप क्वालीफायर मुकाबले में वेस्टइंडीज ने शानदार जीत दर्ज की, लेकिन भारत में होने वाले वर्ल्ड कप 2025 के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई। कारण बना मामूली नेट रन रेट का फासला- महज 0.013।
मैच खत्म होते ही वेस्टइंडीज महिला टीम की खिलाड़ी भावनाओं पर काबू नहीं रख सकीं और कई खिलाड़ी मैदान पर ही रोने लगीं। उनकी आंखों में जीत की चमक नहीं, बल्कि अधूरे सपनों का दर्द था।
10.1 ओवर का लक्ष्य, 10.5 में बनी हार की वजह
क्वालीफायर मुकाबले में वेस्टइंडीज को 167 रन का लक्ष्य मिला था, जिसे उन्हें वर्ल्ड कप में जगह बनाने के लिए 10.1 ओवर में हासिल करना था। टीम ने जीत तो दर्ज की, लेकिन लक्ष्य को 4 गेंद देर से पूरा किया और यहीं से टूट गया उनका वर्ल्ड कप का सपना।
बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के नेट रन रेट में मामूली अंतर था, लेकिन बांग्लादेश 0.013 के अंतर से आगे निकल गई और वर्ल्ड कप का टिकट हासिल कर लिया।
पाकिस्तान और बांग्लादेश को टिकट, वेस्टइंडीज बाहर
कुल 6 टीमों के बीच हुए इस क्वालीफाइंग टूर्नामेंट में पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम ने अपने सभी पांचों मैच जीतकर पहले ही वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई कर लिया था। लेकिन चूंकि पाकिस्तान भारत में नहीं खेलेगा, वो हाइब्रिड मॉडल के तहत अपनी मर्जी से स्थान चुन सकता है।
दूसरे स्थान के लिए बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच टक्कर थी। हालांकि प्रदर्शन के लिहाज से वेस्टइंडीज ने दम दिखाया, पर जीत का तरीका उन्हें ले डूबा।
वर्ल्ड कप का मंच छूने से रह गई वेस्टइंडीज
इस हार ने सिर्फ एक टीम को बाहर नहीं किया, बल्कि कई खिलाड़ियों के करियर और सपनों पर विराम-सा लगा दिया। वे जीत के जश्न में नहीं, बल्कि अधूरी उम्मीदों की टीस लिए मैदान से लौटीं।