बदायूं में एक प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत, पेड़ की एक ही डाल पर लटके मिले युवक-युवती के शव

बदायूं के वमनपुरा गांव में प्रेम संबंधों के चलते युवक-युवती पेड़ की एक ही डाल पर लटके मिले। दोनों के घर आमने-सामने थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज जांच शुरू की, सुसाइड नोट नहीं मिलने से मामले पर संदेह बरकरार है।

Aug 11, 2025 - 17:37
 0
बदायूं में एक प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत, पेड़ की एक ही डाल पर लटके मिले युवक-युवती के शव
गांव में पहुंचकर जांच पड़ताल करती पुलिस।

-आरके सिंह-

बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के हजरतपुर थाना क्षेत्र के वमनपुरा गांव में रविवार देर रात एक पेड़ की एक ही डाल पर लटके युवक-युवती के शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। मृतकों में 19 वर्षीय युवती और 22 वर्षीय युवक शामिल हैं, दोनों एक ही जाति के थे और घर भी आमने-सामने थे।

जानकारी के अनुसार, युवती शनिवार दोपहर से लापता थी। परिजनों को लगा कि वह किसी रिश्तेदारी में गई होगी, लेकिन देर शाम तक घर न लौटने पर शक गहराया। तलाश के दौरान पता चला कि पास में रहने वाला युवक भी गायब है। रात में कुछ ग्रामीण खेत की ओर गए तो दिल दहला देने वाला मंजर सामने आया। एक पेड़ की डाल पर बगल-बगल रस्सी से लटके थे दोनों के शव।

सूचना मिलते ही हजरतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसएसपी बदायूं ब्रजेश कुमार सिंह ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि दोनों एक-दूसरे को जानते थे और उनके घर आमने-सामने थे। फिलहाल मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गांव में चर्चा है कि दोनों के रिश्ते को लेकर परिवारों में तनाव था। पुलिस प्राथमिक जांच में इसे प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या मान रही है, हालांकि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। ऐसे में यह भी आशंका जताई जा रही है कि कहीं यह मौत किसी साजिश का नतीजा तो नहीं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल्स आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। फिलहाल, पूरे गांव में मातम का माहौल है और दोनों परिवार गहरे सदमे में हैं।

SP_Singh AURGURU Editor