सावन में संस्कृति, शॉपिंग और स्टाइल का संगम बना माधवी अग्र महिला मंडल का हस्तकला मेला
आगरा। लोहामंडी स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में रविवार को सावन की रिमझिम फुहारों के बीच माधवी अग्र महिला मंडल द्वारा आयोजित हस्तकला प्रदर्शनी शहर के लिए एक बहुआयामी सांस्कृतिक उत्सव बन गई। सावन की खरीदारी, मनोरंजन और पारंपरिक कला को एक मंच पर समेटे इस आयोजन ने नारी शक्ति की रचनात्मकता और संगठन क्षमता का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत किया।
-राखियां, परिधान, गहने, सजावट और रंगारंग मंचीय प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोहा
रचनात्मकता और खरीदारी का उत्सव
प्रदर्शनी में 45 से अधिक स्टॉल्स पर हस्तनिर्मित राखियां, ट्रेंडी ड्रेस, होम डेकोर, पारंपरिक वस्त्र, गिफ्ट आइटम्स, फैशन एक्सेसरीज़ आदि की रंगीन रेंज ने आगरा की महिलाओं, युवतियों और बच्चों को पूरे दिन व्यस्त और उत्साहित रखा। हर स्टॉल अपने आप में सावन की उमंग और महिला उद्यमिता का प्रतीक रहा।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने जोड़ा उत्सव में रंग
उद्घाटन संरक्षक सुरेश चंद गर्ग, सुनील विकल, नितेश अग्रवाल, बीडी अग्रवाल, मोहनलाल अग्रवाल, राकेश गर्ग और सुमनप्रकाश जैन द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके बाद मंचीय कार्यक्रमों की श्रृंखला ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, नृत्य प्रस्तुति, चित्रकला, शंख वादन, सनातन धर्म ज्ञान क्विज और लकी ड्रा ने बच्चों से लेकर बड़ों तक सबका ध्यान खींचा।
प्रतियोगिताओं में झलकी प्रतिभा, निर्णायकों ने की सराहना
सरोज भार्गव, भरत बंसल, ममता गोयल, वंदना और संयुक्ता ने प्रतिभागियों की प्रस्तुति, आत्मविश्वास और रचनात्मकता का आकलन करते हुए विजेताओं का चयन किया। निर्णायकों ने कहा कि यह मंच प्रतिभा को निखारने और समाज के समग्र विकास का सशक्त माध्यम बन रहा है।
नारी शक्ति का संगठित प्रदर्शन
अध्यक्ष पुष्पा अग्रवाल ने कहा कि यह आयोजन केवल प्रदर्शनी नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण और सांस्कृतिक चेतना का एक प्रयास है। महासचिव ऊषा बंसल ने आयोजन की सफलता को महिलाओं की एकजुटता और सामाजिक सहभागिता का परिणाम बताया।
संयोजिका नमिता गोयल और सह संयोजिका रजनी अग्रवाल के नेतृत्व में कार्यक्रम की व्यवस्थाएं रजनी गोयल, शिल्पी, श्वेता और अन्य कार्यकर्ताओं ने बेहतरीन ढंग से संभालीं। कोषाध्यक्ष आभा जैन ने सभी अतिथियों और दर्शकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।