हिंदू जागरण का महाकुंभ: आगरा में होगा भारत रक्षा मंच का राष्ट्रीय अधिवेशन, सीएम योगी करेंगे उद्घाटन
आगरा। देशभक्ति और सांस्कृतिक जागरण का संदेश लेकर, भारत रक्षा मंच का राष्ट्रीय अधिवेशन 5, 6 और 7 सितंबर को गुरुद्वारा गुरु का ताल प्रांगण में भव्य रूप से आयोजित होगा। अधिवेशन का विधिवत शुभारंभ 6 सितंबर को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे, जबकि 5 सितंबर को कैबिनेट मंत्री बीबी रानी मौर्य प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगी। इस दौरान साध्वी प्रज्ञा सिंह समेत कई विशिष्ट हस्तियां मौजूद रहेंगी।
सोमवार को गुरुद्वारा गुरु का ताल रोड स्थित सिटी ढाबा कैंप कार्यालय पर आयोजित पोस्टर विमोचन समारोह में मुख्य अतिथि सत्यवती गुप्ता, नीलम गुप्ता और डॉ. हरेंद्र गुप्ता ने पोस्टर का अनावरण किया। इस अवसर पर ब्रज प्रांत संगठन मंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक श्रीनिवास गुप्ता ने बताया कि तीन दिवसीय आयोजन में देश भर से 2000 से अधिक प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस वर्ष का थीम रहेगा- हिंदू जागो, देश जागेगा, तुम हो देश आधार।
17 अगस्त को प्रचार रथ का आगाज़
महानगर अध्यक्ष एवं कार्यक्रम प्रभारी राजीव जयराम (राजू भैया) ने बताया कि 17 अगस्त को अधिवेशन का शंखनाद होगा। सुबह 10 बजे कैंप कार्यालय से प्रचार रथ और वाहन रैली रवाना होगी, जो दयालबाग, कमला नगर, बल्केश्वर, नेहरू नगर, जीवनी मंडी, संजय प्लेस, हरी पर्वत, करकुंज होते हुए गुरुद्वारा पहुंचेगी।
ये रहेगी कार्यक्रमों की श्रृंखला
महानगर संगठन मंत्री रवि गोयल ने जानकारी दी कि 20 अगस्त को शहीद स्मारक पर दीपदान एवं भजन संध्या के साथ शहीदों को नमन कार्यक्रम होगा।
जिला अध्यक्ष रिंकू पाराशर ने बताया कि 24 अगस्त को दीवानी चौराहा पर भारत माता की आरती एवं दीपदान होगा, वहीं 30 अगस्त को भगवान टॉकीज पर बंधन सूत्र एवं जागरूकता पत्र वितरण कार्यक्रम होगा।
इस अवसर पर कोषाध्यक्ष नीरज अग्रवाल, विकास शर्मा, राजू पंडित, जितेंद्र सिंह, एकता जैन, सुषमा अग्रवाल, संदीप परमार, सौरभ सिकरवार, गोपाल सिंह, प्रमोद सिंह, विनोद सिंह कुशवाहा समेत अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।