फतेहपुर सीकरी में बड़ा हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 16 मजदूर घायल, कई गंभीर हालत में आगरा रेफर
आगरा। फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र के टीकरी-रोझौली मार्ग पर आज सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब धान की रोपाई के लिए खेतों की ओर जा रहे मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ट्रॉली में सवार करीब 16 मजदूर घायल हो गए, जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह हादसा टीकरी गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर हुआ। ट्रैक्टर को विक्रम सिंह का पुत्र योगेश चला रहा था, जो वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। खेत में धान की रोपाई के लिए जा रही ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में विमला देवी, सुनीता, शीला देवी, मछला सोलंकी, सुखी, सुमन और सीमा समेत कई महिला मजदूर ट्रॉली के नीचे दबकर घायल हो गईं। आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और घायलों को ट्रॉली के नीचे से बाहर निकाला।
सभी घायलों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को आगरा के उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया है।