गोंडा में बड़ा हादसा, श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो नहर में जा गिरी, 11 लोगों की मौके पर ही मौत

गोंडा। जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 11 श्रद्धालुओं की जान चली गई। यह हादसा उस समय हुआ जब एक बोलेरो कार नहर में जा गिरी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।

Aug 3, 2025 - 12:22
 0
गोंडा में बड़ा हादसा, श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो नहर में जा गिरी, 11 लोगों की मौके पर ही मौत
गोंडा में हादसे के बाद घटनास्थल की तस्वीरें। राहत और बचाव कार्य में जुटी पुलिस व स्थानीय लोग।

-मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे लोग, मुख्यमंत्री ने की 5 लाख की सहायता की घोषणा

यह हादसा जनपद गोंडा के इटियाथोक थाना क्षेत्र के बेलवा बहुता गांव के पास हुआ, जहां श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। कार में सवार 15 में से 11 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार लोगों को स्थानीय लोगों के अथक प्रयास से बचा लिया गया। हादसे में मरने वालों में बच्चे, महिलाएं और पुरुष शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, सभी श्रद्धालु प्रसिद्ध पृथ्वीनाथ मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे, तभी रास्ते में बोलेरो वाहन बेलवा बहुता गांव के पास अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई। डूबने से अधिकांश लोगों की जान चली गई। सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासन की टीम राहत कार्यों में जुटी हुई है।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक, दिए सहायता के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने और राहत कार्यों में तेजी लाने को कहा है। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की है।

प्रशासन सक्रिय, राहत कार्य जारी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। नहर में पलटी बोलेरो को बाहर निकालने का प्रयास किया गया, तथा डूबे लोगों को खोजने के लिए स्थानीय गोताखोरों की मदद ली गई। घटना को लेकर गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है।

SP_Singh AURGURU Editor