आगरा में कोडीन सिंडिकेट पर बड़ी कार्रवाई, 15 मेडिकल फर्मों पर छापा, बांग्लादेश तक तस्करी के कनेक्शन उजागर

आगरा। लखनऊ में कोडीन सिरप बेचने वाले अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के गिरफ्त में आने के बाद औषधि विभाग ने आगरा में भी बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। लखनऊ से आई विशेष टीम ने शहर के कई इलाकों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर मेडिकल फर्मों के रिकॉर्ड खंगाले। करीब 15 मेडिकल स्टोरों, डिस्ट्रीब्यूटर और सिकंदरा स्थित एक गोदाम पर छापा मारकर कोडीन सिरप की खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की जांच की गई। देर रात तक चली इस कार्रवाई ने शहर में खलबली मचा दी है।

Dec 6, 2025 - 23:42
 0
आगरा में कोडीन सिंडिकेट पर बड़ी कार्रवाई, 15 मेडिकल फर्मों पर छापा, बांग्लादेश तक तस्करी के कनेक्शन उजागर
इमेज फोटो

आगरा। लखनऊ में कोडीन सिरप बेचने वाले अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के गिरफ्त में आने के बाद औषधि विभाग ने आगरा में भी बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। लखनऊ से आई विशेष टीम ने  शहर के कई इलाकों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर मेडिकल फर्मों के रिकॉर्ड खंगाले। करीब 15 मेडिकल स्टोरों, डिस्ट्रीब्यूटर और सिकंदरा स्थित एक गोदाम पर छापा मारकर कोडीन सिरप की खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की जांच की गई। देर रात तक चली इस कार्रवाई ने शहर में खलबली  मचा दी है। 

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त रोशन जैकब व अखिलेश कुमार जैन के निर्देश पर 10 अधिकारियों की टीम आगरा पहुंची। टीम ने कमला नगर, सिकंदरा, संजय प्लेस, फव्वारा जैसे प्रमुख क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की। जिन फर्मों की जांच की गई, उनमें एपी फार्मा, रश्मि फार्मा, रजत फार्मा, राजधानी ड्रग, विजय मेडिकल एजेंसी, माधव ड्रग हाउस, मन्नू फार्मा, एचएमजी ड्रग हाउस, महेश फार्मा सहित कुल 15 मेडिकल फर्में शामिल हैं।

संजय प्लेस स्थित मेडिज़ोन ड्रग डिस्ट्रीब्यूटर्स के गोदाम में भी रिकॉर्ड खंगाले गए। कंप्यूटर में लेनदेन का डिजिटल रिकॉर्ड चेक किया गया। भौतिक स्टॉक में कोडीन सिरप नहीं मिला, लेकिन खरीद-बिक्री से जुड़े लेनदेन के साक्ष्य सामने आए हैं। सभी संचालकों को नोटिस जारी कर पिछले दो वर्षों का पूरा रिकॉर्ड जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

संचालकों से ली गई लिखित जानकारी

छापे के दौरान टीम ने संबंधित फर्मों के संचालकों से लेटरहेड पर लिखकर लिया कि क्या वे कोडीन सिरप बेचते हैं, कब से और कितनी मात्रा में बिक्री की,यदि नहीं बेचते तो इसका प्रमाण भी लिखित में लिया गया है। 

चिंटू आहूजा से जुड़ी फ़र्मों पर भी कार्रवाई

टीम ने देवेंद्र उर्फ चिंटू आहूजा और उसके परिवार की फर्मों की भी जांच की। चिंटू आहूजा पर त्रिपुरा के अगरतला में कोडीन सिरप तस्करी का मामला दर्ज है और उसे 5 दिसंबर को त्रिपुरा क्राइम ब्रांच ने पेश होने का नोटिस दिया गया था।  उस पर बांग्लादेश तक कफ सिरप की सप्लाई कराने के आरोपों की जांच चल रही है। उसके कई नेताओं के साथ फोटो भी सोशल मीडिया में चर्चा में हैं। नशाखोरी बढ़ने के साथ कोडीन व कफ सिरप की मांग देश के 15 राज्यों से लेकर बांग्लादेश तक बढ़ चुकी है। आगरा में कफ सिरप बनाने वाली अवैध फैक्ट्रियां पहले भी पकड़ी जा चुकी हैं।

2023 में बड़ा खुलासा, तीन फैक्ट्रियां उजागर

एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और औषधि विभाग ने 2023 में सिकंदरा और बिचपुरी क्षेत्र में दवा माफिया विजय गोयल की तीन अवैध फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ किया था। यहां से 6 करोड़ रुपये का नकली कफ सिरप, मशीनें और कच्चा माल जब्त किया गया था। जेल से छूटने के बाद विजय गोयल ने दोबारा फैक्टरी शुरू कर दी और बीते साल अक्टूबर में फिर दबिश में 8 करोड़ रुपये का माल बरामद हुआ था।  जांच में सामने आया कि वह यूपी, पंजाब, बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़, राजस्थान, दिल्ली और महाराष्ट्र से लेकर बांग्लादेश तक नेटवर्क चलाता था। वह हिमाचल प्रदेश और दिल्ली से कच्चा माल खरीदकर आगरा में नकली कफ सिरप तैयार करता था।