राज चौहान हत्याकांड के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन, यमुनापार में अपराधियों पर कसेगा शिकंजा

राज चौहान हत्याकांड के बाद आगरा पुलिस ने यमुनापार क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ ऑपरेशन ‘क्लीन’ शुरू किया है। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार की अगुवाई में 33 बदमाशों को चिन्हित किया गया है। विशेष टीमों के जरिए निगरानी, संपत्ति जब्ती और गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की जाएगी।

Jan 30, 2026 - 22:43
 0
राज चौहान हत्याकांड के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन, यमुनापार में अपराधियों पर कसेगा शिकंजा
इमेज फोटो

ऑपरेशन ‘क्लीन’ की कमान खुद पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने संभाली 

आगरा। राज चौहान हत्याकांड के बाद यमुनापार क्षेत्र में बढ़ते अपराध को लेकर पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। अपराधियों पर लगाम कसने के लिए ऑपरेशन ‘क्लीन’ शुरू किया गया है, जिसकी कमान स्वयं पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने संभाल ली है। इस विशेष अभियान के तहत ट्रांस यमुना और एत्मादौला क्षेत्र के 33 सक्रिय बदमाशों को चिन्हित किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, चिन्हित अपराधियों में हत्या, लूट, मारपीट, सट्टा, अवैध वसूली और अन्य संगठित अपराधों में संलिप्त लोग शामिल हैं। इन सभी बदमाशों पर कड़ी निगरानी रखने के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जिन्हें समय-समय पर अलग-अलग टास्क दिए जाएंगे।

ऑपरेशन के तहत न केवल अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी, बल्कि अपराध से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उन्हें जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जो अपराधी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त हैं, उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की तैयारी पूरी कर ली गई है।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि राज चौहान हत्याकांड के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर आमजन में असुरक्षा की भावना थी, जिसे दूर करने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस आयुक्त ने साफ निर्देश दिए हैं कि किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और यमुनापार इलाके को अपराध मुक्त बनाने के लिए कठोर कदम उठाए जाएंगे।