बीजेपी में बड़े फेरबदल की शुरुआत, यूपी के 14 जिलाध्यक्ष घोषित, राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा पर भी तेज हुई चर्चाएं
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी में केंद्रीय स्तर पर नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन को लेकर चर्चाएं तेज हैं। इसी बीच उत्तर प्रदेश में पार्टी ने संगठनात्मक बदलाव का पहला बड़ा कदम उठा दिया है। लंबे समय से लंबित जिलाध्यक्षों की नियुक्तियों पर कल रात मुहर लगा दी गई। इसी के साथ नये प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। दावेदारों ने फिर से जुगत लगाना शुरू कर दी है।
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी में केंद्रीय स्तर पर नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन को लेकर चर्चाएं तेज हैं। इसी बीच उत्तर प्रदेश में पार्टी ने संगठनात्मक बदलाव का पहला बड़ा कदम उठा दिया है। लंबे समय से लंबित जिलाध्यक्षों की नियुक्तियों पर कल रात मुहर लगा दी गई। इसी के साथ नये प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। दावेदारों ने फिर से जुगत लगाना शुरू कर दी है।
प्रदेश चुनाव अधिकारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय ने 14 जिलों/महानगरों के जिलाध्यक्षों के नाम घोषित कर दिए हैं । पार्टी ने जिले स्तर पर चुनाव की प्रक्रिया पहले ही पूरी कर ली थी, लेकिन औपचारिक ऐलान अटका हुआ था। कल रात जारी सूची को आने वाले बड़े संगठनात्मक बदलावों की शुरुआत माना जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक जल्द ही शेष जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष और उसके बाद प्रदेश अध्यक्ष का चयन भी किया जाएगा। यह पूरी कवायद बीजेपी के 2026 और 2027 के संगठनात्मक एवं चुनावी रोडमैप को मजबूत करने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है।
घोषित हुए नए जिलाध्यक्ष
मेरठ जिला – हरवीर पाल, हापुड़ – कविता माधरे, अलीगढ़ महानगर – राजीव शर्मा, अलीगढ़ जिला – कृष्णपाल सिंह लाला, हाथरस – प्रेम सिंह कुशवाह, एटा – प्रमोद गुप्ता, फिरोजाबाद – उदय प्रताप सिंह, फतेहपुर – अन्नू श्रीवास्तव,जालौन – उर्विजा दीक्षित, झांसी महानगर – सुधीर सिंह, हमीरपुर – शकुंतला निषाद, बाराबंकी – राम सिंह वर्मा, जौनपुर – अजीत प्रजापति, कौशाम्बी – धर्मराज मौर्या।
जारी सूची में कई जिलों में महिला नेताओं को स्थान मिला है। यह इशारा है कि बीजेपी भविष्य की रणनीति में महिला सहभागिता बढ़ाने पर फोकस कर रही है। साथ ही अब फील्ड संगठन को 2027 की तैयारी में सक्रिय करना प्राथमिकता रहेगी। कहा जा रहा है कि यह बदलाव 2027 विधानसभा चुनाव के दीर्घकालिक रणनीतिक रोडमैप का हिस्सा है।
प्रदेश अध्यक्ष पर बढ़ती उत्सुकता
नए जिलाध्यक्षों के ऐलान के बाद प्रदेश अध्यक्ष पद पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, एक केंद्रीय मंत्री, एक संगठन महामंत्री और दो उपमुख्यमंत्रियों से जुड़े नामों की चर्चा फिर तेज हो गई है। यूपी अध्यक्ष को लेकर केन्द्रीय स्तर पर मंथन का दौर शुरू हो गया है। पार्टी आलाकमान पश्चिम बंगाल के चुनाव घोषित होने से पहले संगठन के चुनावों को पूरा कर लेना चाहता है।
अंदरूनी चर्चाएं तेज
इन नियुक्तियों के बाद कई राजनीतिक संकेत साफ नज़र आने लगे हैं। माना जा रहा है कि इस शुरुआत के साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष के ऐलान का काउंटडाउन शुरू हो गया है। दिल्ली में संगठन स्तरीय बैठकों के बीच यह माना जा रहा है कि जिलों में बदलाव के साथ ही शीर्ष नेतृत्व की घोषणा भी जल्द हो सकती है।