यूपी में मकर संक्रांति पर सार्वजनिक अवकाश घोषित, 15 जनवरी को बंद रहेंगे बैंक–दफ्तर, स्कूल 16 से खुलेंगे

उत्तर प्रदेश सरकार ने मकर संक्रांति (15 जनवरी) को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इस दिन बैंक और सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। आगरा में पहले से घोषित स्कूल छुट्टियों के चलते अब स्कूल 16 जनवरी से खुलेंगे। परिषदीय विद्यालयों में चल रही शीतकालीन छुट्टी भी 15 जनवरी तक बढ़ा दी गई है।

Jan 12, 2026 - 16:24
 0
यूपी में मकर संक्रांति पर सार्वजनिक अवकाश घोषित, 15 जनवरी को बंद रहेंगे बैंक–दफ्तर, स्कूल 16 से खुलेंगे
इमेज फोटो

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने मकर संक्रांति पर्व (15 जनवरी) के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है। इस संबंध में शासन स्तर से आदेश जारी कर दिए गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि राज्य सरकार ने परिस्थितियों और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए मकर संक्रांति पर अवकाश देने का निर्णय लिया है, जबकि इससे पहले जारी प्रदेश की अवकाश तालिका में इस दिन छुट्टी का कोई प्रावधान नहीं था।

सरकारी आदेश के अनुसार 15 जनवरी को सभी सरकारी कार्यालयों और बैंकों में अवकाश रहेगा। इससे आम जनता के साथ-साथ सरकारी कर्मचारियों और बैंक कर्मियों को भी राहत मिलेगी।

स्कूलों को भी मिलेगा अतिरिक्त अवकाश

आगरा जनपद में पहले ही 12 और 13 जनवरी को स्कूलों में छुट्टी घोषित की जा चुकी है। अब 15 जनवरी को सार्वजनिक अवकाश घोषित होने के बाद स्कूलों की छुट्टियां और बढ़ गई हैं। ऐसे में अब स्कूल 16 जनवरी से दोबारा खुलेंगे।

गौरतलब है कि फिलहाल प्रदेश के परिषदीय स्कूलों में शीतकालीन अवकाश चल रहा है। पहले जारी आदेश के अनुसार 1 जनवरी से 14 जनवरी तक सभी परिषदीय विद्यालयों में शीतकालीन छुट्टी घोषित की गई थी और 15 जनवरी को स्कूल खुलने थे। लेकिन मकर संक्रांति पर सार्वजनिक अवकाश के आदेश के बाद अब परिषदीय स्कूलों की छुट्टी 15 जनवरी तक बढ़ा दी गई है।

इस फैसले से ठंड और मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए अभिभावकों और छात्रों को भी बड़ी राहत मिली है। वहीं, त्योहार के अवसर पर लोग अब बिना किसी सरकारी कामकाज की चिंता के पर्व को उल्लास के साथ मना सकेंगे।