ममता का भाजपा पर बड़ा आरोप, बोलीं- अभिषेक बनर्जी को जान से मारने की कोशिश, दिल्ली में करेंगी विरोध प्रदर्शन
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि अगर अधिकारियों ने टीएमसी नेताओं पर हुए हमलों के खिलाफ कोलकाता में विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी तो वह अपना विरोध दिल्ली ले जाएंगी।
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार (1 जून 2026) को बीजेपी पर उनकी पार्टी को तोड़ने और अभिषेक बनर्जी की हत्या कराने की साजिश का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अगर अधिकारियों ने टीएमसी नेताओं पर हुए हमलों के खिलाफ कोलकाता में विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी तो वह अपना विरोध दिल्ली ले जाएंगी।
पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि टीएमसी ने मंगलवार (2 जून 2026) को कोलकाता के रानी रश्मोनी रोड पर विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति मांगी थी लेकिन पुलिस ने अनुमति देने से इनकार कर दिया। उन्होंने इसे राजनीति से प्रेरित बताया और कहा कि वह आंदोलन जारी रखेंगी।
ममता बनर्जी ने कहा, 'टीएमसी और भी ज्यादा मजबूत होगी। आज जो लोग बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं कि पार्टी के नेता कार्यकर्ताओं के साथ खड़े नहीं हैं। वे झूठी जानकारी फैला रहे हैं। पूरी तरह से अराजकता फैली हुई है। यहां तक कि हिटलर ने भी ऐसे काम नहीं किए थे। इस स्थिति का वर्णन करने के लिए अब कोई शब्द नहीं बचे हैं। आप कुछ विधायकों और सांसदों को डरा-धमकाकर या रिश्वत देकर टीएमसी को कमजोर नहीं कर सकते, बल्कि इससे तो पार्टी और भी ज्यादा मजबूत हो रही है।'
ममता बनर्जी की ये टिप्पणी उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले के कुछ दिनों बाद आई है। अभिषेक बनर्जी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव हैं और उन्हें ममता बनर्जी का राजनीतिक उत्तराधिकारी माना जाता है। अभिषेक बनर्जी पर सोनारपुर में चुनाव के बाद घायल हुए एक व्यक्ति के परिवार के घर जाते समय हमला हुआ था। हुगली में पार्टी के सांसद कल्याण बनर्जी को भी निशाना बनाया गया था।
बीजेपी पर निशाना साधते हुए ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि ये हमले टीएमसी के वरिष्ठ नेताओं को जान से मारने की सोची-समझी साजिश के तहत हुई। उन्होंने कहा, बीजेपी ने अभिषेक और कल्याण बनर्जी को जान से मारने की कोशिश की है।'