लॊरेंस के नाम पर व्यापारी से रंगदारी मांगने वाला 15 साल का किशोर निकला, बेंगलुरु से गिरफ्तार
-राजीव शर्मा- शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में एक व्यापारी से फेसबुक मैसेंजर पर कॉल कर अपने को लॉरेंस गैंग का सदस्य बताकर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाला 15 वर्ष का एक किशोर निकला है। शाहजहांपुर पुलिस ने कर्नाटक के बेंगलुरु से इस किशोर को गिरफ्तार कर लिया है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी किशोर बेंगलुरू में पोहा की ठेली लगाकर जीविका चलाता है।
पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बुधवार को बताया कि थाना निगोही क्षेत्र निवासी व्यापारी रणजीत सिंह ने 31 अक्टूबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ‘ओम सिंह’ नामक फेसबुक अकाउंट से उनके मैसेंजर पर कॉल आई थी। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य बताते हुए 50 लाख रुपये की मांग की और धमकी दी कि रकम न देने पर उनकी हत्या कर दी जाएगी।
तीन टीमें बनीं, लोकेशन से खुला सुराग
एसपी ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए तीन पुलिस टीमें गठित की गईं। फेसबुक अकाउंट की लोकेशन का विश्लेषण करने के बाद कर्नाटक के बेंगलुरु और उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जनपद में छापेमारी के निर्देश दिए गए। विशेष अभियान दल (एसओजी) प्रभारी धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में बेंगलुरु से एक किशोर को गिरफ्तार किया गया, जो वहां सड़क किनारे पोहा की ठेली लगाता था।
नाबालिग ने कबूला, मज़े में किया था मज़ाक
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह किसी अपराधी गिरोह से जुड़ा नहीं है। वह अक्सर फेसबुक पर रीलें और वीडियो देखता था तथा मज़े में लॉरेंस गैंग का नाम लेकर व्यापारी को धमकी दे दी। उसने बताया कि वह अपने परिवार का पेट पालने के लिए बेंगलुरु में ठेली लगाता है।
किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेशी
एसपी द्विवेदी ने कहा कि आरोपी नाबालिग है। उसे न्यायिक हिरासत में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने समय रहते मामले का खुलासा कर लिया, जिससे व्यापारी की सुरक्षा और जनविश्वास दोनों बनाए रखे जा सके।