आगरा में ससुराल पहुंचे व्यक्ति को उसी की पत्नी और ससुराल वालों ने पीटा, साले ने गोली मार दी, घायल
जैतपुर/आगरा। थाना खेड़ा राठौर क्षेत्र के ग्राम पुरा जोमर्द में पत्नी को लेने आए एक युवक को ससुराल पक्ष द्वारा गोली मार दिए जाने की घटना सामने आई है। गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे हुए इस घटनाक्रम से गांव में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। घायल युवक को पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
पत्नी को ले जाने पर हुआ विवाद, बात बढ़ी तो चली गोली
जानकारी के अनुसार फतेहाबाद थाना क्षेत्र के गांव जरारी निवासी करीब 45 वर्षीय रामबरन पुत्र अतर सिंह अपनी पत्नी अनीता को लेने के लिए ससुराल ग्राम पुरा जोमर्द आया था। पत्नी को साथ ले जाने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि मामला हिंसा में बदल गया।
साले ने जांघ में मारी गोली, आरोपी फरार
प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों के मुताबिक रामबरन के साले मोनू पुत्र भूरे सिंह ने तमंचे से रामबरन की जांघ के पास गोली मार दी। गोली लगते ही रामबरन लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद ससुर भूरे सिंह, पत्नी अनीता सहित अन्य ससुरालीजन मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही खेड़ा राठौर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रामबरन को एंबुलेंस से एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा भिजवाया। थाना प्रभारी ने बताया कि चिकित्सकीय रिपोर्ट और तहरीर मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।