मानव सुसाइड केसः एक-एक कर सामने आ रहीं पर्दे के पीछे की बातें
आगरा। टीसीएस कंपनी के मैनेजर मानव शर्मा सुसाइड केस में पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, नये-नये राज सामने आ रहे हैं। अब तक सामने आये तथ्यों से एक बात तो साफ हो रही है कि मानव को मौत का फंदा चूमने के हालात बना दिए गए थे। इसके साथ ही इस मामले में नये-नये किरदारों की एंट्री भी हो रही है, जिससे पता चलता है कि पर्दे के पीछे बहुत कुछ ऐसा चल रहा था जिससे एक तरफ मानव और उसका परिवार प्रभावित हो रहा था तो दूसरी ओर एक महिला और उसका परिवार।
उधर मानव की पत्नी निकिता विगत 28 फरवरी से ही भूमिगत है। उसके परिवारीजन भी फरार हैं। पुलिस की जांच के दायरे में बरहन की प्रिया नामक वह युवती भी आ गई है, जिसके मैसेज के बाद ही मानव को निकिता के बारे में बहुत कुछ पता चला था।
मानव शर्मा ने विगत 24 फरवरी को तड़के अपने ही घर में फंदे पर लटककर जान दे दी थी। मरने से पहले उसने अपना वीडियो में बयान रिकार्ड किया। मानव की मौत के दो दिन बाद जब उसकी बहन आकांक्षा ने मोबाइल देखा तो उसमें वीडियो मिला, तभी परिजनों के समक्ष खुलासा हुआ कि मानव को सुसाइड के लिए मजबूर किया गया।
मानव की बहन ने इस वीडियो के साथ ही व्हाटसएप चैटिंग का सारा रिकार्ड पुलिस को उपलब्ध करा दिया है। इसी से पुलिस को बरहन की प्रिया जैन नामक युवती के बारे में जानकारी हुई कि उसी ने अपनी ननद प्राची की आईडी से मानव को इंस्टाग्राम पर संदेश भेजा था, जिसमें निकिता और उसकी बहनों के बारे में बहुत कुछ बताया गया था। इस जानकारी के बाद ही मानव अवसाद में घिरता चला गया था।
मानव ने अपने मृत्यु पूर्व बयान में पत्नी निकिता के अवैध संबंधों का जिक्र किया है जबकि निकिता इसे पास्ट बताकर बार-बार एक ही बात कह रही है कि शादी के बाद उसके किसी से संबंध नहीं रहे। ऐसे में पुलिस के लिए बरहन की प्रिया बहुत महत्वपूर्ण हो गई है क्योंकि प्रिया ने ही मानव को निकिता के बारे में जानकारियां दी थीं।
मानव तो अब इस दुनिया में नहीं है, लेकिन ये सवाल बार-बार उठ रहे हैं कि उसकी मौत के लिए कौन-कौन जिम्मेदार है। इसी साल की जनवरी तक तो निकिता और मानव की जिंदगी शांति से गुजर रही थी। मानव की जिंदगी में तूफान तो तब उठा जब उसे इंस्टाग्राम पर अपनी पत्नी निकिता और उसकी बहनों के बारे में जानकारियां मिलीं। अब ये पुलिस की जांच के बाद ही साफ होगा कि प्रिया ने जो जानकारियां मानव को निकिता और उसकी बहन के बारे में दी थीं, वे कितनी सही थीं।
प्रिया नामक युवती द्वारा मानव को ये जानकारियां इसलिए दी गई थीं क्योंकि मानव की पत्नी निकिता की बहन की वजह से उसके परिवार में पति से क्लेश चल रहा था। प्रिया अपने पति पर संदेह कर रही थी।
अब तक जो तथ्य सामने आये हैं, उससे इतना तो साफ है कि निकिता और उसके परिवार के लोगों ने मानव को इतना तनाव दे दिया था कि उसने अपने घर में आकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। पुलिस के हाथ सीसीटीवी की वह फुटेज भी लग चुकी है, जिसमें मानव बरहन स्थित अपनी ससुराल में घर के बाहर ससुरालीजनों से बात करता दिख रहा है। दावा किया जा रहा है कि मानव की इसी दौरान ससुरालीजनों की ओर से धमकाया गया था कि अगर उसने निकिता को तलाक दिया तो उसके माता-पिता को जेल भिजवा देंगे।
मानव की सामने आई व्हाटसएप चैटिंग से भी इस बात का खुलासा हुआ है कि वह इस बात से परेशान था कि उसकी वजह से कहीं उसके माता-पिता को जेल न जाना पड़े। बहन आकांक्षा बार-बार यही बात दुहरी रही है, इसी डर से उसके भाई ने अपनी जान दे दी।