सीएम योगी के 53वें जन्मदिन पर पीएम समेत कई नेताओं ने दी बधाई
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज 53वां जन्मदिन है। उनके जन्मदिन के मौके पर समाज के विभिन्न वर्ग से बधाइयों का सिलसिला जारी है।
सीएम योगी के जन्मदिन पर पीएम नरेंद्र मोदी ने शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश को बदलने के लिए अथक प्रयास किए हैं, जिससे राज्य के लोगों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है। ईश्वर उन्हें दीर्घायु और स्वस्थ जीवन प्रदान करें।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी सीएम को बधाई दी। उन्होंने लिखा कि उत्तर प्रदेश के ऊर्जावान और गतिशील मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। हाल के वर्षों में उन्होंने राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुँचाया है। विकास और लोक कल्याण की दृष्टि से वे लगातार परिश्रम कर रहे हैं। ईश्वर उन्हें उत्तम स्वास्थ्य एवं लंबी आयु प्रदान करें।
गृह मंत्री अमित शाह ने सीएम के जन्मदिन पर कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार जन-जन तक विकास और गरीबकल्याण के लाभ पहुँचा रही है। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य और सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूँ।
यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने लिखा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ , आपको जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम जी से आपके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर यश की प्रार्थना करता हूँ।
राज्य के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लिखा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आपको जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने भी सीएम को बधाई दी। सोशल मीडिया साइट एक्स पर उन्होंने लिखा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता योगी आदित्यनाथ को आज उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई एवं दीर्घायु जीवन होने की भी शुभकामनायें।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने लिखा कि उत्तर प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ। आपके सशक्त, पारदर्शी और जनहित में समर्पित नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश को नई दिशा दी है। सिद्धबली हनुमान जी से आपके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और मंगलमय जीवन की कामना करता हूं।
वहीं सीएम ने पीएम मोदी के बधाई संदेश की प्रतिक्रिया में कहा कि मन को आत्मीयता, प्रेरणा और ऊर्जा से अभिसिंचित करती मंगलमयी शुभकामनाओं के लिए आपका हार्दिक आभार। आपकी शुभेच्छाएं अक्षय ऊर्जा का स्रोत हैं और 25 करोड़ प्रदेश वासियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के हमारे संकल्प की पूर्ति हेतु अथाह शक्ति प्रदान करने वाली हैं। नेशन फर्स्ट भावना से दीप्त आपके यशस्वी मार्गदर्शन में 'विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश' की संकल्पना की सिद्धि के पथ पर उत्तर प्रदेश अविराम गतिशील है।