आगरा में फतेहाबाद रोड स्थित होटल ताज हाइट्स में भीषण आग, मचा हड़कंप
फतेहाबाद रोड स्थित होटल ताज हाइट्स में टॉप फ्लोर पर भीषण आग लग गई। उस समय होटल में कार्यक्रम चल रहा था और वीकेंड के कारण मेहमानों की संख्या अधिक थी। समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।
आगरा। आगरा के थाना ताजगंज क्षेत्र अंतर्गत फतेहाबाद रोड पर स्थित होटल ताज हाइट्स में शनिवार रात को अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग होटल के टॉप फ्लोर पर लगी, जिससे कुछ ही देर में धुआं पूरे होटल में फैल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जिस समय आग लगी उस समय होटल में कार्यक्रम चल रहा था और वीकेंड होने के कारण होटल में मेहमानों की संख्या भी काफी अधिक थी। आग लगते ही होटल स्टाफ ने सूझबूझ दिखाते हुए सभी मेहमानों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू किया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
सूचना मिलते ही थाना ताजगंज पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग से होटल को काफी नुकसान पहुंचा है। पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।