न्यू शाहगंज में सत्तो लाला फूड कोर्ट में भीषण आग, सिलेंडर फटने से मचा हड़कंप

आगरा। आगरा के कोठी मीना बाजार रोड पर स्थित न्यू शाहगंज इलाके में सत्तो लाला फूड कोर्ट में अभी कुछ देर पहले ही भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल है कि फूड कोर्ट और उससे जुड़े रेस्टोरेंट का बड़ा हिस्सा धू-धू कर जल उठा। अचानक लगी आग से मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई, वहीं आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई।

Jan 25, 2026 - 20:24
 0
न्यू शाहगंज में सत्तो लाला फूड कोर्ट में भीषण आग, सिलेंडर फटने से मचा हड़कंप
फूड कोर्ट में लगी आग।

कोठी मीना बाजार रोड पर अफरा-तफरी, HDFC बैंक भी चपेट में, दमकल की दो गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं

आगरा। आगरा के कोठी मीना बाजार रोड पर स्थित न्यू शाहगंज इलाके में सत्तो लाला फूड कोर्ट में अभी कुछ देर पहले ही भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल है कि फूड कोर्ट और उससे जुड़े रेस्टोरेंट का बड़ा हिस्सा धू-धू कर जल उठा। अचानक लगी आग से मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई, वहीं आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रेस्टोरेंट में रखे कई गैस सिलेंडर एक के बाद एक फट गए, जिससे आग ने भयावह रूप ले लिया। सिलेंडरों के धमाकों की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी और काले धुएं का गुबार आसमान में छा गया। हालात बिगड़ते देख आसपास की दुकानों को तत्काल बंद कराया गया और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर हटाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है। आग की लपटों की चपेट में साथ में स्थित HDFC बैंक भी आ गया, जिससे बैंक परिसर को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।

यह पूरा मामला थाना शाहगंज क्षेत्र का है। पुलिस बल मौके पर तैनात है और भीड़ को नियंत्रित करने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए हुए है। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों और जान-माल के नुकसान को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। आग पूरी तरह शांत होने के बाद ही नुकसान का आकलन और जांच की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।