श्री गोवर्धन महाराज की भक्ति में डूबा मथुरा, डीएम और एसएसपी ने किया पूजन
मथुरा। भगवान श्रीकृष्ण की लीला भूमि मथुरा बुधवार को गोवर्धन पूजा की भक्ति में सराबोर रही। मोतीकुंज रोड स्थित विजय द्वार-हनुमान नगर चौराहे पर परंपरागत गोवर्धन पूजा महोत्सव का भव्य आयोजन हुआ। महोत्सव का शुभारंभ जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने संयोजक व समन्वयक ब्रज प्रेस क्लब अध्यक्ष डॉ. कमलकांत उपमन्यु एडवोकेट के साथ गोवर्धन नाथ विग्रह की पूजा-अर्चना, वंदना और परिक्रमा कर किया।
पूजन आरंभ के बाद विधायक मेघश्याम सिंह, भाजपा नेता देवेंद्र कुमार गौतम गुड्डू, समाजसेवी वीरेंद्र चौधरी (पूर्व सभासद), भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन कौशिक, कर्नल बी.पी. सिंह, पूर्व आयकर अधिकारी चंद्रपाल पौनिया, विनोद भारद्वाज (पूर्व सभासद) समेत अनेक गणमान्य लोग श्रद्धा भाव से पूजन में शामिल हुए।
हनुमान नगर क्षेत्र के नर-नारियों ने गाजे-बाजे के साथ विधि-विधान से पूजन और परिक्रमा कर धर्मलाभ लिया। राधा-कृष्ण के स्वरूप लोकगीतों की धुनों पर नृत्य करते हुए भक्तों के तन-मन को झंकृत करते रहे। पूजन के साथ ही अन्नकूट प्रसाद का वितरण शुरू हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने व्यंजनों और कॉफी का आनंद लिया।
महोत्सव स्थल पर ढ़ोल-नगाड़ों और वाद्य यंत्रों की गूंज निरंतर भक्तिरस की वर्षा करती रही। आयोजन में शहर के कई राजनीतिक, प्रशासनिक, पुलिस अधिकारी, पत्रकार, समाजसेवी और धर्मज्ञ मौजूद रहे।