अभिनेत्री नुसरत भरूचा के महाकाल दर्शन पर मौलाना शहाबुद्दीन रजवी की आपत्ति, बोले- नुसरत ने गुनाह किया है, तौबा करें

-र मेश कुमार सिंह- बरेली। बॉलीवुड अभिनेत्री नुसरत भरूचा द्वारा मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्वप्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल के दर्शन किए जाने को लेकर सियासी और धार्मिक हलकों में बहस तेज हो गई है। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने अभिनेत्री के मंदिर दर्शन पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे इस्लाम की शिक्षाओं के विरुद्ध बताया है।

Dec 30, 2025 - 23:06
 0
अभिनेत्री नुसरत भरूचा के महाकाल दर्शन पर मौलाना शहाबुद्दीन रजवी की आपत्ति, बोले- नुसरत ने गुनाह किया है, तौबा करें

शरीयत के खिलाफ बताया, तौबा की नसीहत

मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि शरीयत की दृष्टि से किसी मुस्लिम का दूसरे धर्म की धार्मिक परंपराओं में भाग लेना गुनाह की श्रेणी में आता है। उन्होंने कहा कि नुसरत भरूचा ने उज्जैन जाकर महाकाल मंदिर में जल अर्पित किया, भस्म आरती में भाग लिया और हिंदू धार्मिक विधि–विधान का पालन किया, जो इस्लाम के उसूलों के खिलाफ है।
मौलाना ने अभिनेत्री को तौबा करने की नसीहत देते हुए कहा कि मुस्लिम होने के नाते इस्लामी सिद्धांतों का पालन किया जाना चाहिए।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो–तस्वीरें

अभिनेत्री नुसरत भरूचा द्वारा भगवान शिव की विधि–विधान से पूजा-अर्चना करने और आशीर्वाद लेने के वीडियो व तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आते ही चर्चा का विषय बन गईं। इसके बाद धार्मिक बयानबाजी का दौर शुरू हो गया और मामला और गरमा गया।

नुसरत भरूच के महाकाल दर्शन को लेकर एक ओर जहां धार्मिक स्वतंत्रता की बात कही जा रही है, वहीं दूसरी ओर मौलाना के बयान से धार्मिक मर्यादा और शरीयत की व्याख्या पर बहस छिड़ गई है। फिलहाल अभिनेत्री की ओर से इस पूरे विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

SP_Singh AURGURU Editor