मायावती ने पार्टी ढांचे की समीक्षा की, आकाश आनंद की वापसी पर चुप्पी बरकरार

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती ने बुधवार को लखनऊ में पार्टी के उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड इकाई के वरिष्ठ पदाधिकारियों और ज़िला अध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। यह बैठक ऐसे समय पर बुलाई गई है जब मायावती के भतीजे आकाश आनंद  ने माफी मांग ली है और मायावती ने उन्हें माफ भी कर दिया है। अब पार्टी में उनकी वापसी को लेकर चर्चाएं तेज़ हैं।

Apr 16, 2025 - 15:43
 0
मायावती ने पार्टी ढांचे की समीक्षा की, आकाश आनंद की वापसी पर चुप्पी बरकरार

बैठक का मकसद संगठन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करना और आने वाले चुनावों के लिए रणनीति तैयार करना था। आकाश आनंद ने हाल ही में सार्वजनिक रूप से मायावती से माफ़ी मांगी थी, जिसके बाद उनकी दोबारा एंट्री की संभावना बढ़ गई है। हालांकि, अभी तक उन्हें कोई विशेष पद या ज़िम्मेदारी नहीं दी गई है।

मायावती ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि पार्टी में अनुशासन से कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने संकेत दिए कि आकाश को एक और मौका दिया जा सकता है, लेकिन उनके ससुर अशोक सिद्धार्थ के प्रति पार्टी का रुख सख्त बना रहेगा।

बैठक में इस बात पर भी ज़ोर दिया गया कि बसपा कार्यकर्ता ज़मीनी स्तर पर सक्रिय रहें और दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्गों में पार्टी के जनाधार को मज़बूत करें। मायावती ने पदाधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि वे पार्टी की विचारधारा और नेतृत्व का सम्मान करते हुए कार्य करें।

यह बैठक बसपा के लिए आने वाले दिनों में न केवल संगठन को सशक्त करने की दिशा में अहम साबित हो सकती है, बल्कि पार्टी में आकाश आनंद की भूमिका को लेकर भी साफ तस्वीर पेश कर सकती है। हालांकि आज की बैठक में आकाश आनंद को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई और न ही वे बैठक में मौजूद थे। फिर भी आकाश आनंद की वापसी को लेकर चर्चाएं शुरू हो चुकी हैं।

SP_Singh AURGURU Editor