मेयर की शहरवासियों से अपीलः नवरात्र पर नागरिक बनें शहर की सफाई के सहभागी
आगरा। महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने नवरात्रि और आगामी त्योहारों को देखते हुए शहरवासियों से अपील की है कि वे नगर निगम के साथ मिलकर स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी निभाएं। नगर निगम ने विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है, जिसमें सफाई, प्रकाश व्यवस्था और पेयजल आपूर्ति पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। महापौर ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक को अपनी भूमिका निभानी होगी।
महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने शनिवार को कहा कि नवरात्रि से त्योहारों का मौसम शुरू हो रहा है, ऐसे में आगरा शहर की स्वच्छता को बनाए रखना और बेहतर करना सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे न केवल अपने घर और मोहल्ले बल्कि सार्वजनिक स्थानों पर भी सफाई का विशेष ध्यान रखें।
नगर निगम द्वारा 17 सितंबर से स्वच्छता ही सेवा (स्वच्छोत्सव) अभियान शुरू किया गया है, जिसके तहत शहर से गंदगी हटाने का कार्य किया जा रहा है। नवरात्रि में इस अभियान को और विशेष रूप से चलाया जाएगा। इसमें सड़कों की सफाई, गड्ढा मुक्त सड़कें बनाने, प्रकाश व्यवस्था और पेयजल आपूर्ति की निगरानी शामिल होगी। इन कार्यों की समीक्षा शासन द्वारा नियुक्त नोडल अधिकारी करेंगे।
महापौर ने कहा कि दुर्गा पंडालों में स्वच्छता बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि कचरा सड़कों या खाली स्थानों पर न डालें, बल्कि केवल निर्धारित डस्टबिन में ही डालें ताकि डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन कर्मी उसे आसानी से ले जा सकें।
उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि दुर्गा पूजा के लिए मिट्टी की मूर्तियों का ही प्रयोग करें ताकि विसर्जन के समय जल प्रदूषण न हो। प्लास्टिक और पत्तलों का सही तरीके से निष्पादन करें और पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभाएं।
महापौर ने कहा कि शिकायत करना आसान है, लेकिन स्वच्छता में योगदान देना हर नागरिक का दायित्व है। उन्होंने नवरात्रि के पावन अवसर पर शहर के घरों, गलियों और मोहल्लों को साफ-सुथरा और सजाकर शहर की छवि को सकारात्मक बनाने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि नवरात्रि के मेलों, आयोजनों और झांकियों में भाग लेने वाले लोग कचरा इधर-उधर न फेंकें। किसी भी समस्या की सूचना तुरंत नगर निगम को दें।