‘मीट एट आगरा’ ने फुटवियर कारोबार को दी नई उड़ान: तीन दिन में 21,147 विजिटर्स, 21,000 करोड़ रुपये के संभावित कारोबारी अवसरों की नींव; तकनीक, गुणवत्ता और वैश्विक साझेदारी पर जोर, सात उत्कृष्ट प्रदर्शकों का सम्मान; 2027 में और व्यापक अंतरराष्ट्रीय भागीदारी के साथ 2-4 अक्टूबर को होगा 19वां संस्करण

आगरा। नई तकनीक, कारोबारी संपर्कों और वैश्विक साझेदारी की संभावनाओं के साथ 18वें ‘मीट एट आगरा’ का सोमवार को समापन हुआ। आगरा ट्रेड सेंटर, सींगना में तीन दिनों तक चले फुटवियर ट्रेड फेयर में 21,147 विजिटर्स पहुंचे और आयोजकों के आकलन के अनुसार करीब ₹21,000 करोड़ के संभावित कारोबारी अवसरों की आधारशिला तैयार हुई। फेयर में 224 स्टॉल्स पर फुटवियर कंपोनेंट्स, मटेरियल्स, मशीनरी और औद्योगिक सहयोग सेवाओं का प्रदर्शन किया गया। समापन समारोह में पांच श्रेणियों में सात उत्कृष्ट प्रदर्शकों को सम्मानित किया गया।

Oct 5, 2026 - 19:58
 0
‘मीट एट आगरा’ ने फुटवियर कारोबार को दी नई उड़ान: तीन दिन में 21,147 विजिटर्स, 21,000 करोड़ रुपये के संभावित कारोबारी अवसरों की नींव; तकनीक, गुणवत्ता और वैश्विक साझेदारी पर जोर, सात उत्कृष्ट प्रदर्शकों का सम्मान; 2027 में और व्यापक अंतरराष्ट्रीय भागीदारी के साथ 2-4 अक्टूबर को होगा 19वां संस्करण
मीट एट आगरा के अंतिम दिन हुई विभिन्न गतिविधियों की एक झलक। 

फुटवियर मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स चैम्बर (एफमेक) के आयोजन में 10,115 पंजीकृत बिजनेस विजिटर्स तथा 1,940 विद्यार्थी और भावी उद्यमी पहुंचे। उद्यमियों ने उत्पादन की जरूरतों के अनुरूप तकनीक और उत्पादों की जानकारी लेने के साथ नए कारोबारी संपर्क स्थापित किए। विभिन्न स्टॉल्स पर उत्पादों की तकनीकी विशेषताओं, गुणवत्ता, सोर्सिंग और आपूर्ति को लेकर खरीदारों तथा प्रदर्शकों के बीच चर्चा हुई।

अंतिम दिन 8,810 विजिटर्स पहुंचे

फेयर के अंतिम दिन 8,810 विजिटर्स पहुंचे। इनमें 4,428 पंजीकृत बिजनेस विजिटर्स और 927 विद्यार्थी एवं भावी उद्यमी शामिल रहे। अंतिम दिन भी स्टॉल्स पर तकनीकी समाधानों, उत्पादों और भविष्य के कारोबारी सहयोग को लेकर संवाद चलता रहा।

तीन दिनों में पहले दिन 4,211, दूसरे दिन 8,126 और तीसरे दिन 8,810 विजिटर्स पहुंचे। पंजीकृत बिजनेस विजिटर्स की संख्या क्रमशः 1,938, 3,749 और 4,428 रही। विद्यार्थी एवं भावी उद्यमियों की संख्या क्रमशः 437, 576 और 927 रही।

पिछले संस्करण से बढ़ी कारोबारी सहभागिता

2025 के संस्करण में कुल 19,420 विजिटर्स और 8,390 पंजीकृत बिजनेस विजिटर्स पहुंचे थे। इस वर्ष विजिटर्स की संख्या बढ़कर 21,147 और पंजीकृत बिजनेस विजिटर्स की संख्या 10,115 हो गई। संभावित कारोबार का आकलन भी पिछले वर्ष के ₹18,500 करोड़ से बढ़कर करीब ₹21,000 करोड़ रहा।

एफमेक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने कहा कि फेयर ने निर्माताओं को नई तकनीक और बाजार की बदलती जरूरतों से जोड़ने का अवसर दिया। यहां बने व्यावसायिक संपर्क आगे नई साझेदारी और कारोबार का आधार बन सकते हैं।

एफमेक के पूर्व अध्यक्ष कैप्टन एएस राणा ने कहा कि वैश्विक बाजार में स्थिति मजबूत करने के लिए उद्योग को गुणवत्ता, डिजाइन और उत्पादकता पर लगातार काम करना होगा। फेयर में विकसित संपर्कों को ठोस कारोबारी परिणामों में बदलना महत्वपूर्ण है।

उपाध्यक्ष राजीव वासन ने मशीनरी और मटेरियल्स के प्रदर्शन को उत्पादन प्रक्रिया बेहतर बनाने में उपयोगी बताया। उपाध्यक्ष राजेश सहगल ने कहा कि निर्माताओं और आपूर्तिकर्ताओं के सीधे संवाद से गुणवत्ता और आपूर्ति संबंधी जरूरतों को समझने में मदद मिली। महासचिव प्रदीप वासन ने आयोजन में बने व्यावसायिक संपर्कों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

चाइना पवेलियन में तकनीक और मशीनरी को लेकर रुचि

हॉल बी स्थित चाइना पवेलियन में उद्यमियों ने चीनी प्रदर्शकों से कंपोनेंट्स, मटेरियल्स और मशीनरी की जानकारी ली। तकनीकी समाधानों ने फुटवियर निर्माताओं को अपनी उत्पादन आवश्यकताओं के अनुसार विकल्प तलाशने का अवसर दिया। विद्यार्थियों और भावी उद्यमियों को फुटवियर निर्माण, डिजाइन और उद्योग में उपलब्ध अवसरों की भी जानकारी मिली। इस वर्ष चीन से आठ एग्जिबिटर्स ने प्रदर्शनी में भागीदारी की।

पांच श्रेणियों में सात प्रदर्शकों का सम्मान

समापन समारोह में उत्पादों, नवाचार और स्टॉल प्रस्तुति के लिए पांच श्रेणियों में सात प्रदर्शकों को सम्मानित किया गया। बेस्ट पॉलिमर्स एंड केमिकल्स का सम्मान केएलजे पॉलिमर्स एंड केमिकल्स के सौरभ गुप्ता और विनय गुप्ता को मिला। बेस्ट लेदर प्रोडक्ट्स का सम्मान बसंत एंटरप्रेन्योर प्रा. लि. के प्रणव मित्तल तथा बेस्ट मशीनरी स्टॉल का सम्मान पायनियर टेक स्टेप लिंकर्स के कपिल धवन को प्रदान किया गया।

बेस्ट इनोवेटिव प्रोडक्ट श्रेणी में संदीप रबर (आई) इंडस्ट्रीज के संजय गुप्ता और नवकार टेकटेक्स प्रा. लि. के श्रेयांश बोथरा को सम्मानित किया गया। बेस्ट एग्जिबिटर अवार्ड स्टक केमिकल्स प्रा. लि. (स्टक ऑन ग्रुप) के शैलेश पाठक तथा श्रॉफ सेल्स कॉरपोरेशन (श्रॉफ ग्रुप) के निमित श्रॉफ और सौरभ श्रॉफ को प्रदान किया गया।

2 से 4 अक्टूबर 2027 को होगा 19वां ‘मीट एट आगरा’

समापन अवसर पर एफमेक ने 19वें ‘मीट एट आगरा’ की तारीखों की घोषणा भी कर दी। अगला संस्करण 2, 3 और 4 अक्टूबर 2027 को आगरा ट्रेड सेंटर, सींगना में आयोजित होगा। एफमेक की ओर से इसे और अधिक भव्य तथा अंतरराष्ट्रीय स्वरूप देने की तैयारी की जाएगी। चीन के प्रदर्शकों ने इस वर्ष के आयोजन को उत्साहजनक बताते हुए अगले वर्ष बड़ी संख्या में भागीदारी की इच्छा जताई है।

एफमेक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने कहा कि 2027 के संस्करण में चीन के साथ अन्य देशों से भी एग्जिबिटर्स और उद्योग प्रतिनिधियों की भागीदारी बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि ‘मीट एट आगरा’ को व्यापक वैश्विक मंच दिया जा सके।

इस अवसर पर फेयर ऑर्गनाइजिंग कमेटी की चेयरमैन माला खेड़ा, सचिव अनिरुद्ध तिवारी, कोषाध्यक्ष चंद्र मोहन सचदेवा, सीफी के प्रदेश अध्यक्ष ओपिंदर लवली और महासचिव नकुल मनचंदा प्रमुख रूप से मौजूद रहे। व्यवस्थाओं में एफमेक के संकल्प अग्रवाल, सीसीएलए के अजय शर्मा, बृजेश शर्मा और मुनेंद्र सिंह ने जिम्मेदारी संभाली।

SP_Singh AURGURU Editor