आगरा के रामलाल वृद्धाश्रम में लगा मेगा मेडिकल कैंप, 220 बुजुर्गों की जांच, 90 को चश्मे दिए गये

आगरा। समाज सेवा की सशक्त मिसाल पेश करते हुए सृजन फाउंडेशन के तत्वावधान में सिकंदरा स्थित रामलाल वृद्धाश्रम में एक दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 220 बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और 90 जरूरतमंदों को चश्मों का वितरण किया गया। इस सेवा अभियान ने न केवल बुजुर्गों को राहत दी, बल्कि उनके चेहरों पर संतोष और खुशी भी साफ झलकती नजर आई।

Apr 5, 2026 - 21:01
 0
आगरा के रामलाल वृद्धाश्रम में लगा मेगा मेडिकल कैंप, 220 बुजुर्गों की जांच, 90 को चश्मे दिए गये
रामलाल वृद्धाश्रम में रविवार को आयोजित किये गये चिकित्सा शिविर में मरीजों का चेकअप करते चिकित्सक।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महापौर हेमलता दिवाकर, एस.एन. मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता, डॉ. बी.के. सिंह, डॉ. श्रुति सिन्हा, वरिष्ठ न्यूरो सर्जन डॉ. राजीव बंसल एवं जितेंद्र फौजदार द्वारा भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

मुख्य अतिथि हेमलता दिवाकर ने कहा कि बच्चों में ऐसे संस्कार विकसित किए जाएं कि वे अपने माता-पिता को वृद्धाश्रम भेजने की नौबत ही न आने दें। जो लोग अपने परिजनों को यहां छोड़ते हैं, उन्हें यह नहीं भूलना चाहिए कि एक दिन वे भी वृद्ध होंगे।

एस.एन. मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति में ईश्वर का वास होता है, इसलिए गरीब, पीड़ित और अशिक्षित लोगों की सेवा ही सच्ची मानव सेवा है। डॉ. बी.के. सिंह ने भी समाज के प्रत्येक व्यक्ति से अपील की कि वे असहाय बुजुर्गों को अपनाकर उनकी सेवा करें, यही सच्ची ईश्वर भक्ति है।

प्रमुख न्यूरो सर्जन डॉ. राजीव बंसल ने गुरु गोविंद सिंह के जीवन का उदाहरण देते हुए त्याग और सेवा की भावना अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संस्था की अध्यक्ष अदिति कात्यायन ने कहा कि समाज के कमजोर और वंचित वर्ग की सेवा ही जीवन का सर्वोच्च उद्देश्य होना चाहिए।

विशिष्ट अतिथि डॉ. श्रुति सिन्हा ने कहा कि सच्ची समाज सेवा वही है, जिसमें अशक्त और उपेक्षित लोगों की सहायता की जाए और सृजन फाउंडेशन इसी दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है।

चिकित्सा शिविर में एस.एन. मेडिकल कॉलेज से आए चिकित्सकों की टीम ने अहम भूमिका निभाई। टीम में डॉ. अर्पित गुप्ता, डॉ. विशाल बैंसला, डॉ. अनुज सुब्बा और डॉ. अक्षिता शर्मा ने नेत्र, दंत एवं सामान्य रोगों की जांच की। कुल 220 बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जबकि 90 जरूरतमंदों को चश्मे वितरित किए गए। उल्लेखनीय है कि रामलाल वृद्धाश्रम में कुल 395 बुजुर्ग निवास करते हैं।

कार्यक्रम में वृद्धाश्रम के प्रबंधक शिवप्रसाद शर्मा, आनंद राय, चतुर्भुज तिवारी, सिंह चौधरी, डॉ. पवन शर्मा, हिमानी चतुर्वेदी, राकेश अवस्थी, मुकेश वर्मा, रश्मि त्रिपाठी, विष्णु कटारा, पार्षद अनुज शर्मा, डॉ. अमन सक्सेना, तूलिका दास सक्सेना, शाहतोष गौतम एवं प्रियंका गौतम सहित अनेक समाजसेवी उपस्थित रहे।

विशेष रूप से इंडोनेशिया से आई आईना ने इस शिविर की सराहना करते हुए भारतीय सेवा परंपरा और मानवीय मूल्यों की खुलकर प्रशंसा की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. श्रुति सिन्हा ने किया, जबकि अंत में धन्यवाद ज्ञापन अदिति कात्यायन द्वारा किया गया।

Top of Form

SP_Singh AURGURU Editor