भूकंप के हल्के झटकों से हिले हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर और वेस्ट यूपी, आगरा में भी महसूस हुए
झज्जर/नई दिल्ली/आगरा। आज सुबह दिल्ली-एनसीआर और वेस्ट यूपी के कई शहरों में भूकंप के झटकों ने लोगों को चौंका दिया। सुबह 9 बजकर 4 मिनट 50 सेकंड पर करीब 4.4 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए। हरियाणा के झज्जर जिले में 10 किलोमीटर की गहराई में इसका एपिसेंटर (भूकंप का केंद्र) रहा। भूकंप के झटके करीब 10 सेकेंड तक महसूस किए गए।
-हरियाणा के झज्जर में जमीन में दस किलोमीटर गहराई पर था एपिसेंटर, तीव्रता 4.4 थी
बहुमंजिला इमारतों में लोगों ने महसूस किया कंपन
दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद, गुरुग्राम, मेरठ, बुलंदशहर, मथुरा, आगरा और अलीगढ़ समेत वेस्ट यूपी और उत्तराखंड में रुड़की और हरिद्वार तक लोगों ने झटके महसूस किये। खासतौर पर बहुमंजिला इमारतों में रह रहे लोगों ने कंपन को साफ तौर पर महसूस किया और बाहर निकल आए। हालांकि बहुत से लोग जो गहरी नींद में थे या रोजमर्रा के कार्यों में व्यस्त थे, उन्हें झटके का एहसास नहीं हुआ।
अफरा-तफरी, पर जान-माल का नुकसान नहीं
हालांकि भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की खबर अब तक सामने नहीं आई है। डिजास्टर मैनेजमेंट टीमों को अलर्ट पर रखा गया है और हालात की निगरानी की जा रही है।
बारिश-जाम के बीच भूकंप से दहशत
बुधवार रात से लगातार हो रही तेज बारिश के चलते पहले ही दिल्ली और एनसीआर के कई हिस्सों में जलभराव और जाम की स्थिति बनी हुई थी। ऐसे में गुरुवार सुबह अचानक धरती हिलने से लोग और ज्यादा घबरा गए। कई स्थानों पर लोग ऑफिस जाने की तैयारी में थे, वहीं कुछ जगहों पर लोग सड़कों पर ट्रैफिक में फंसे हुए थे। इस बीच धरती के हिलते ही कई लोग इमारतों से बाहर निकल आए।
ऊंची इमारतों में महसूस हुए तेज झटके
गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद, दिल्ली के विभिन्न इलाकों और वेस्ट यूपी के मेरठ, मथुरा, आगरा, अलीगढ़, बुलंदशहर जैसे शहरों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। खासकर बहुमंजिला इमारतों में रह रहे लोग दहशत में आ गए। हालांकि राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप की तीव्रता खतरे की श्रेणी में नहीं आती, फिर भी इसका असर लोगों की दिनचर्या पर साफ नजर आया।
सोशल मीडिया पर दिखा असर
घटना के कुछ ही मिनटों के भीतर #Earthquake और #DelhiNCR जैसे हैशटैग ट्विटर (एक्स) और फेसबुक पर ट्रेंड करने लगे। कई लोगों ने लिखा कि उन्हें झटका महसूस हुआ, कुछ ने वीडियो और फोटो भी साझा किए। एक यूजर ने लिखा- बारिश से जूझ ही रहे थे, अब धरती भी हिलने लगी।
भूवैज्ञानिकों के अनुसार, 4.4 तीव्रता का भूकंप खतरे की श्रेणी में नहीं आता, लेकिन इसका अहसास खासकर ऊंची इमारतों में रहने वाले लोगों को ज़रूर होता है। लगातार सक्रिय भूकंपीय क्षेत्र में आने के कारण दिल्ली-एनसीआर में ऐसे झटके भविष्य में भी आते रहेंगे।