बाढ़ प्रभावित बाह क्षेत्र का प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने किया दौरा, पीड़ितों को राहत सामग्री बांटी
बाह (आगरा)। चंबल नदी में आई बाढ़ से प्रभावित बाह क्षेत्र के गांवों का शनिवार को उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति और आगरा जनपद के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने दौरा किया। उनके साथ बाह की विधायक रानी पक्षालिका सिंह भी मौजूद रहीं। दोनों जनप्रतिनिधियों ने गांव भगवानपुरा सहित अन्य बाढ़ग्रस्त इलाकों का निरीक्षण कर पीड़ितों की समस्याएं जानीं।
दौरे के दौरान प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनके नुकसान के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित कर उन्हें हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
राहत कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी सहित संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीणों की हर मुश्किल में साथ खड़ी है और राहत व पुनर्वास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
इस मौके पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि भगवानपुरा समेत अन्य प्रभावित गांवों में जलस्तर पर लगातार निगरानी, मेडिकल टीमों की तैनाती, पेयजल व खाद्यान्न की आपूर्ति, तथा स्थायी पुनर्वास की योजनाएं तेज़ी से लागू की जाएंगी।
बाह विधायक रानी पक्षालिका सिंह ने भी ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा और सरकार उनके साथ खड़ी है। विधायक ने मंत्री को प्रभावित गांवों के बारे में भी बताया।
बाढ़ के कारण क्षेत्र में आवागमन और आजीविका प्रभावित हुई है, जिसे ध्यान में रखते हुए प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।