प्रभारी मंत्री को निर्माणाधीन शिवाजी म्यूजियम में दिख गईं दरारें  

आगरा। ताजमहल के पास निर्माणाधीन छत्रपति शिवाजी म्यूजियम का इसी वर्ष नवंबर में मुख्यमंत्री उदघाटन करना चाहते हैं। इसी के मद्देनजर जिले के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह आज इस म्यूजियम का निरीक्षण करने पहुंचे तो वहां उन्हें दीवारों में दरारें दिखीं। इस पर मंत्री की भृकुटि तन गई। इसे जल्द दुरुस्त करने को कहा।

Jan 6, 2025 - 15:50
 0
प्रभारी मंत्री को निर्माणाधीन शिवाजी म्यूजियम में दिख गईं दरारें   
निर्माणाधीन शिवाजी म्यूजियम का निरीक्षण करते जिले के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह।  

-जयवीर सिंह ने जताई नाराजगी, कहा- छह महीने में काम पूरा कराएं, नवंबर में उद्घाटन करना चाहते हैं मुख्यमंत्री

प्रभारी मंत्री विकास कार्यों की समीक्षा करने के लिए आगरा पहुंचे हुए थे। सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक से पहले वे निर्माणाधीन म्यूजियम देखने जा पहुंचे। यहां पर्यटन मंत्री सिंह को म्यूजियम की दीवारों में दरारें दिखीं तो राजकीय निर्माण निगम के अधिकारियों को तलब कर लिया। अधिकारियों के यह बताने पर कि कार्यदायी संस्था टाटा प्रोजेक्ट कंपनी को इस बार में नोटिस जारी किया जा चुका है, मंत्री ने कहा कि दरारें जल्द भरवाएं। उन्होंने अधिकारियों को छह माह के अंदर निर्माण पूर्ण करने के निर्देश दिए।

म्यूजियम पहुंचते ही मंत्री ने अधिकारियों से पूछा कि निर्माण कार्य कितने दिन में पूरा हो जाएगा। अधिकारियों के यह कहने पर कि एक साल और लगेगा, मंत्री ने कहा कि छह महीने में पूरा कराइए। निर्माण पूरा होने के बाद कुछ महीने म्यूजियम के काम में भी लग जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को मुख्यमंत्री के इच्छा से अवगत कराते हुए कहा कि वह नवंबर में इसका उदघाटन करना चाहते हैं।

SP_Singh AURGURU Editor