आगरा में नाबालिग छात्रा को ब्लैकमेल करने का आरोप, फोटो वायरल करने व जान से मारने की धमकी
आगरा। आगरा के सदर बाजार थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। पड़ोस में रहने वाले युवक पर छात्रा की फोटो खींचकर उसे वायरल करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगे हैं। लगातार मिल रही धमकियों से पीड़िता और उसका परिवार दहशत में है।

पीड़िता के अनुसार, आरोपी युवक ने चोरी-छिपे उसकी फोटो खींच ली और बाद में उसे अपने दोस्तों में वायरल करने की धमकी देने लगा। छात्रा का आरोप है कि आरोपी उसे लगातार फोन और आमने-सामने धमका रहा है। यही नहीं, आरोपी अपने साथियों के साथ पीड़िता के घर तक पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
धमकियों का सिलसिला बढ़ने पर छात्रा और उसके परिजन बेहद भयभीत हो गए। परिवार का कहना है कि आरोपी की हरकतों के चलते बच्ची मानसिक तनाव में है और घर से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता के परिजनों ने सदर बाजार थाने में लिखित तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। चूंकि मामला नाबालिग छात्रा से जुड़ा है, ऐसे में पुलिस संवेदनशीलता के साथ जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपों की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पीड़िता और उसके परिवार की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी जा रही है।