आगरा कॉलेज में 'मिशन शक्ति' कार्यक्रम हुआ आयोजित
छात्राओं को उनके अधिकारों की जानकारी देने तथा उन्हें सशक्त बनाने के लिए आगरा कालेज में मिशन शक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न तथा उससे संबंधित विधिक नियमों की जानकारी दी गई।
आगरा। आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रो आरके श्रीवास्तव ने कहा है कि आगरा कॉलेज, आगरा में महिलाओं की सुरक्षा, संरक्षण और जागरूकता के लिए 'मिशन शक्ति' कार्यक्रम का आयोजन एक महत्वपूर्ण पहल है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें मजबूत बनाना है ताकि वे समाज में सुरक्षित और आत्मनिर्भर रहें।
प्राचार्य मिशन शक्ति कार्य़क्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। विधि विशेषज्ञ डा निधि शर्मा ने "विशाखा गाइडलाइन" के ऊपर बोलते हुए कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न एवं उससे संबंधित विधिक नियमों के बारे में विस्तार से चर्चा करते हुए उपस्थित छात्राओं को जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि 'मिशन शक्ति' कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकार, कानूनी सहायता, और सरकारी मंजूरी के बारे में जानकारी देना है। इसके साथ ही, इस कार्यक्रम के माध्यम से समाज में महिलाओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को बढ़ावा देना भी एक प्रमुख लक्ष्य है।
कार्यक्रम संयोजक प्रो रचना सिंह ने महिलाओं के अधिकार और उनके सिद्धांतों पर विचार प्रस्तुत किये। उन्होंने कहा कि छात्रों को कार्यस्थल पर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने की आवश्यकता है।
प्रो अंशु चौहान ने महिलाओं के संरक्षण, कानूनी सहायता और उनकी आत्मरक्षा के बारे में चर्चा की। कार्यक्रम में छात्राओं ने प्रश्न पूछे और विशेषज्ञों ने अपने समाधान दिए।
कार्यक्रम के दौरान प्रो कल्पना चतुर्वेदी, प्रो आशीष कुमार, डा चंद्रवीर सिंह, नितेश शर्मा आदि उपस्थित रहे।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रो अमित अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर छात्राओं ने आगरा कॉलेज से राजामंडी बाजार तक एक जन जागरण रैली भी निकाली।